जम्मू के कटरा में माता वैष्णो देवी के मंदिर से दुखद ख़बर मिली है। रात में दर्शन के दौरान माता वैष्णो देवी के भवन में भगदड़ मच गई जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल भी हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने घटना को लेकर दुख जताया है और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि नए साल के मौके पर माता के मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी बीच भगदड़ मच गई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पातल में भर्ती कराया गया है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने ऐलान किया है कि मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं उपराज्यपाल ने एक जांच कमिटी भी बनाई है जो कि हादसे की वजहों का पता लगाएगी।
गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताते हुए कहा, ‘माता वैष्णो देवी मंदिर में हुई दुखद दुर्घटना से हृदय अत्यंत व्यथित है। इस संबंध में मैंने J&K के उपराज्यपाल श्री मनोज सिन्हा जी से बात की है। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस हादसे में जान गँवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।’
एक अधिकारी के मुताबिक मारे गए लोगों में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लोग शामिल हैं। वहीं घायलों को पास के नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक रात 2 से 3 के बीच भगदड़ मच गई। कुछ लोगों में कहा सुनी के बाद धक्का मुक्की हुई और इसी बीच यह हादसा हो गया।
पुलिस का कहना है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। कटरा अस्पताल के बीएमओ डॉक्टर गोपाल दत्त ने बताया कि कम से कम 12 लोगों की जान गई है नहीं 13 से ज्यादा घायल हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है।