Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने एक गुप्त आतंकी ठिकाने का भंडाफोड़ करते ही आतंकवाद के मुद्दे पर बड़ी सफलता हासिल की है। अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जिले के चतरू इलाके में एक विशेष तलाशी अभियान के दौरान की गई।

सुरक्षा बलों ने सिगड़ी भाटा क्षेत्र के बाजमांडू जंगल में छिपे इस ठिकाने को ढूंढ निकाला, जिससे क्षेत्र में सक्रिय आतंकी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। जांच में यह बात सामने आई है कि यह ठिकाना एक खूंखार आतंकवादी कमांडर का था, जिसे सेना ने पहले ही एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।

सुरक्षाबलों को मिली कामयाबी

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह ठिकाना आतंकियों द्वारा हथियार और विस्फोटक छिपाने के लिए एक सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में उपयोग किया जा रहा था। तलाशी के दौरान बरामद किए गए हथियारों और रसद का जखीरा सुरक्षा बलों की सतर्कता को दर्शाता है।

बरामद हुए खतरनाक हथियार

सुरक्षाबलों द्वारा जब्त किए गए हथियारों की बात करें तो इसमें मैगजीन के साथ एक कार्बाइन बंदूक एक पिस्तौल, एक अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (UBGL), 51 मिमी का रॉकेट, चार डेटोनेटर लगभग एक किलोग्राम विस्फोटक, 9 मिमी के 97 कारतूस और 7.62 मिमी के 18 कारतूस मिले हैं।

इसके अलावा ये भी बताया गया कि एक स्लिंग और संचार के लिए एक केनवुड रेडियो सेट व दो मोटोरोला रेडियो सेट छापेमारी के स्थल से बरामद हुआ है।

सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता

अधिकारियों का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक और रेडियो सेट की बरामदगी से किसी संभावित साजिश को नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल, सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी है और अन्य संदिग्ध ठिकानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी रखा है।

यह भी पढ़ें: जम्मू में पुल का एक हिस्सा ढहा, मलबे के नीचे फंसे 4 मजदूर

शुक्रवार को जम्मू के बंतलाब इलाके में एक पुल का निर्माणाधीन हिस्सा ढह गया। इस घटना में छह मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही सुरक्षा बल घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाया। पढ़िए पूरी खबरें…