जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में चल रहे प्रोटेस्ट के मद्देनजर एडमिनिस्ट्रेशन ने एक बड़ी घोषणा की है। बुधवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से जारी किए गए एक नोटिस के मुताबिक, कैंपस को 12 जनवरी 2027 तक के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। अब अगला क्लासरूम सेशन 13 जनवरी 2027 से ही शुरू होगा। नोटिस के मुताबिक, तब तक ऑनलाइन क्लासेस चलेंगी।

यूनिवर्सिटी ने ऑनलाइन क्लास को 24 नवंबर तक बढ़ा दिया है जो पहले 8 नवंबर तक थी। साथ ही यूनिवर्सिटी प्रशासन ने घोषणा की है कि स्टूडेंट्स यूनियन की बहाली को लेकर चल रहे प्रोटेस्ट के बीच ईवन-सेमेस्टर क्लास 13 जनवरी, 2027 को ही फिर से शुरू होंगी।

एग्जाम भी ऑनलाइन मोड में होंगे

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने यह भी कहा है कि टीचर्स की भी ड्यूटी 24 नवंबर तक ऑनलाइन चलेगी। इसके अलावा सभी प्रैक्टिकल, फील्ड वर्क, प्रोजेक्ट वाइवा, माइनर प्रोजेक्ट वाइवा के एंड सेमेस्टर एग्जाम ऑनलाइन मोड से 25 नवंबर, 2026 से 30 नवंबर, 2026 तक होंगे। इसके बाद थ्योरी पेपर के एंड सेमेस्टर एग्जाम 1 दिसंबर, 2026 से 24 दिसंबर, 2026 तक ऑनलाइन मोड में ही चलेंगे। इसके बाद 25 दिसंबर से 12 जनवरी, 2027 तक विंटर ब्रेक रहेगा।

‘स्टूडेंट की सेफ्टी के लिए लिया गया फैसला’

बता दें कि बुधवार को FTK-सेंटर फॉर इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (FTK-CIT) में शाम 4.30 बजे डीन, डिपार्टमेंट हेड, डायरेक्टर और दूसरे अधिकारियों की एक मीटिंग हुई जिसमें कैंपस को बंद करने का फैसला लिया गया। एडमिनिस्ट्रेशन का मानना है कि कैंपस में फिलहाल की स्थिति एकेडमिक माहौल के लिए सही नहीं थी और स्टूडेंट्स की सेफ्टी और सिक्योरिटी को सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लेना जरूरी था।

17वें दिन की हो गई भूख हड़ताल

बता दें कि यूनिवर्सिटी की ओर से यह फैसला जामिया मिलिया इस्लामिया कैंपस में हो रहे छात्रों के प्रदर्शन के मद्देनजर लिया गया है। स्टूडेंट्स यूनियन को बहाल करने की मांग को लेकर स्टूडेंट भूख हड़ताल पर हैं। बुधवार को छात्रों की हंगर स्ट्राइक का 17वां दिन था।

अब स्टूडेंट्स की क्या मांग है?

स्टूडेंट्स और एडमिनिस्ट्रेशन के बीच टकराव बढ़ चुका है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों की मांग को मान लिया था और यह कहा था कि यूनियन के संविधान को मंजूरी मिलने के बाद अगले 15 दिन के अंदर चुनाव करा लिए जाएंगे, लेकिन छात्रों ने इस आश्वासन को मानने से इनकार कर दिया। छात्रों की अब मांग है कि चुनाव कराने की तारीख घोषित की जाए और लिखित में हर आश्वासन मिले उसके बाद ही छात्रों की हड़ताल खत्म होगी।

यह भी पढ़ें: ‘जामिया के स्टूडेंट्स के साथ खड़ी है कांग्रेस’, पवन खेड़ा का प्रोटेस्ट को समर्थन; यूनिवर्सिटी जा सकते हैं राहुल गांधी

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने छात्रों की भूख हड़ताल का समर्थन किया है। पवन खेड़ा ने कहा है कि जामिया के स्टूडेंट्स 21वीं सदी के भारत में 2 हफ्ते से भी अधिक समय से प्रोटेस्ट कर रहे हैं। वे संविधान के आर्टिकल 19(1)(c) के तहत मिली चुनी हुई स्टूडेंट्स यूनियन बनाने की अपनी बुनियादी आजादी की मांग कर रहे थे। यह हमारे देश में डेमोक्रेसी की हालत पर एक बुरा कमेंट है।