जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव कराने की मांग मान ली है। रजिस्ट्रार कार्यालय ने गुरुवार देर रात को आदेश दिया है कि छात्र संघ के संविधान को मंजूरी दी जाए और 15 मई 2027 तक इसे लागू कर दिया जाए।

आदेश में कहा गया है कि लिंगदोह समिति की गाइडलाइंस के अनुसार शैक्षणिक सत्र शुरू होने के 6 सप्ताह के भीतर चुनाव कराए जाएंगे। शैक्षणिक सत्र 15 जुलाई 2027 से शुरू हो सकता है।

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्र संघ चुनाव कराए जाने की मांग को लेकर बीते कई दिनों से छात्र धरना प्रदर्शन कर रहे थे।

नहीं होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

आदेश में यह भी कहा गया है कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के कारण जारी किए गए सभी कारण बताओ नोटिस, अनुशासनात्मक कार्रवाई, निष्कासन, निलंबन और कैंपस में प्रवेश पर रोक के आदेश वापस लिए जाएंगे।

जामिया प्रशासन के इस आदेश के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय के अंदर जश्न मनाया।

विश्वविद्यालय ने 28 अक्टूबर को परिसर की मौजूदा स्थिति और छात्रों की सुरक्षा का हवाला देते हुए ऑनलाइन कक्षाएं 24 नवंबर तक जारी रखने की बात कही थी। छात्रों ने इसका विरोध किया था।

फासीवादियों को झुकना पड़ा: कांग्रेस

कांग्रेस ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया के आंदोलनकारी छात्रों की मांगें स्वीकार किए जाने के बाद कहा कि आखिरकार छात्र शक्ति के आगे फासीवादियों को झुकना पड़ा और लोकतंत्र की जीत हुई। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने X पर एक पोस्ट में कहा, “जामिया मिल्लिया इस्लामिया केंद्रीय विश्वविद्यालय के छात्रों की जीत हुई। आखिरकार छात्र शक्ति के आगे फासीवादियों को झुकना पड़ा। लोकतंत्र के लिए कठिन संघर्ष किया गया, लेकिन आखिरकार जीत लोकतंत्र की हुई।”

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नियंत्रित प्रशासन ने छात्रों को बांटने और बदनाम करने के लिए हर तरीका अपनाया। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करने वाले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नेताओं को तिहाड़ जेल तक भेजा गया। उन्होंने कहा, “हम छात्रों के अहिंसक संघर्ष को सलाम करते हैं। यह उन लोगों के लिए एक कड़ा सबक होना चाहिए, जो युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश करते हैं।”

यह भी पढ़ें- ‘जामिया के स्टूडेंट्स के साथ खड़ी है कांग्रेस’

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने छात्रों की भूख हड़ताल का समर्थन किया है। पवन खेड़ा ने कहा है कि जामिया के स्टूडेंट्स 21वीं सदी के भारत में 2 हफ्ते से भी अधिक समय से प्रोटेस्ट कर रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।