पंजाब के जालंधर जिले में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर चौक के पास मंगलवार को देर शाम एक स्कूटी में तेज धमाका हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 8 बजे के करीब घटी है। घटना के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां मौजूद थी। बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास गेट के बगल में स्कूटी खड़ी थी।

खड़ी स्कूटी में लगी आग- पुलिस कमिश्नर

सूचना पर जालंधर की पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर मौके पर पहुंची और मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “करीब 8 बजे हमारी पेट्रोलिंग टीम यहाँ मौजूद थी। गेट के पास एक एक्टिवा स्कूटी खड़ी थी, उसमें अचानक आग लग गई। इस बारे में हम BSF से जानकारी ले रहे हैं। स्कूटी के मालिक पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं।

आगे कहा, “शुरुआती तौर पर, यह स्कूटी एक ऐसे व्यक्ति की है जो यहाँ काम करता है, और जब वह यहाँ आया, तो उसमें आग लग गई। मीडिया ने जब उनसे सवाल किया कि कहा जा रहा कि एक लड़का डिलीवरी देने आया था, उसी दौरान धमाका हुआ है, इस पर उन्होंने जवाब दिया कि हम इस घटना की हर पहलू से जाँच कर रहे हैं।”

लोगों को सुनाई दी धमाके की आवाज

हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि स्कूटी में तेज धमाका हुआ, इसके बाद लोग सहम गए। मौके पर बीएसएफ के जवान पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फारेंसिक टीम पहुंची और जांच में जुट गई है।

चंडीगढ़ में भी हुआ था धमाका

हाल ही में चंडीगढ़ में सेक्टर 37 स्थित भाजपा ऑफिस के बाहर धमाका हुआ था। इस धमाके में कार के शीशे टूट गए थे और एक स्कूटी को भी नुकसान पहुंचा था। हालांकि पुलिस ने सात आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया था।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस मामले में कुल सात गिरफ्तारियां हुई हैं, जिनमें पहले पांच आरोपी पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन आईएसआई समर्थित एक मॉड्यूल से जुड़े हुए थे। पुलिस ने धमाके के बाद एक हथगोला और .30 बोर की एक जिगाना पिस्टल भी बरामद किए थे।

यह भी पढ़ें: ‘AAP के पास कुछ महीने बचे, मैं अगला टारगेट’ राघव चड्ढा ने पंजाब सरकार पर लगाए बदले की राजनीति के आरोप

राघव चड्ढा ने मंगलवार को दावा किया कि वह पंजाब सरकार के ‘अगले टारगेट’ हो सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी सांसद राघव ने यह बयान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद दिया। राष्ट्रपति से मुलाकात में उन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़कर BJP में शामिल हुए सात सांसदों के खिलाफ कथित ‘बदले की राजनीति’ का मुद्दा उठाया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें