राजस्थान के अजमेर से जेल प्रशासन और कानून व्यवस्था से जुड़ा एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला जेलर पर आरोप है कि उसने अपने घर के काम और अपनी दो छोटी बेटियों की देखभाल के लिए जेल में बंद दो महिला कैदियों को जेल से बाहर ले जाने की कोशिश की।
मामला सामने आने के बाद जांच हुई, पुलिस केस दर्ज हुआ और फरार चल रही जेलर को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जिस जेलर के हाथों में कभी कैदियों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी थी, अब वही उसी जेल में बंद है।
दो महिला कैदियों को घर ले जाने की कोशिश
मामला अजमेर सेंट्रल जेल का है। 37 वर्षीय जेलर दिव्या चौधरी अपने पति से अलग रहकर अजमेर में किराए के मकान में अपनी दो छोटी बेटियों के साथ रहती थीं। उनके पति भी जेल विभाग में कार्यरत हैं और कोटा में तैनात बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, घर और नौकरी की बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच दिव्या को घर के काम में मदद की जरूरत थी। आरोप है कि इसी के चलते उन्होंने जेल में बंद दो महिला कैदियों की मदद लेने का फैसला किया। दिव्या का घर अजमेर सेंट्रल जेल से लगभग 8 किलोमीटर दूर था, जहां वो जेलर के तौर पर काम करती थीं।
12 जुलाई को वह कथित तौर पर दो महिला कैदियों, किरण उर्फ सेठा और सना को जेल से बाहर ले जाने की कोशिश कर रही थीं। इनमें किरण आजीवन कारावास की सजा काट रही है, जबकि सना अंडरट्रायल कैदी है।
जेल के गेट पर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, दिव्या चौधरी अपनी सहकर्मी और कथित दोस्त कांस्टेबल सोनिया चौधरी के साथ दोनों महिला कैदियों को लेकर जेल के मुख्य गेट तक पहुंचीं। वहां तैनात जेल कर्मचारियों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध के बावजूद दोनों अधिकारियों ने जेल कर्मचारियों को डराने-धमकाने की कोशिश की।
इसी दौरान गेट पर विवाद और कहासुनी हो गई। हालांकि, दोनों महिला कैदी ज्यादा देर तक जेल से बाहर नहीं रहीं और करीब एक-दो घंटे बाद वापस जेल में पहुंच गईं। अजमेर के डिप्टी एसपी शिवम जोशी के मुताबिक, जेलर का यह कदम पूरी तरह गैरकानूनी था, क्योंकि कैदियों को अदालत के आदेश और जेल प्रशासन की निगरानी में रखा जाता है।
बेटियों की देखभाल और घर की सफाई के लिए चाहिए थी मदद!
पुलिस के मुताबिक, दिव्या चौधरी की दोनों बेटियां काफी छोटी हैं। वह अजमेर में अकेले उनकी देखभाल कर रही थीं और साथ ही नौकरी की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं। पुलिस का आरोप है कि इसी वजह से वह महिला कैदियों को अपने घर के काम और बेटियों की देखभाल के लिए ले जाना चाहती थीं।
दिव्या ने पूछताछ के दौरान अपनी ओर से अलग सफाई दी है। उनका दावा है कि उन्होंने अपनी सबोर्डिनेट सोनिया से कहा था कि ओपन जेल से ऐसी महिलाओं को बुलाया जाए, जिन्हें बाहर जाने की अनुमति होती है।
उनका आरोप है कि सोनिया ने इसके बजाय इन दोनों महिला कैदियों को ला दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद उनका यह बचाव सामने आया है और मामले की जांच में इसकी सत्यता परखी जा रही है।
जांच में दोष सामने आया, फिर दर्ज हुई FIR
घटना के बाद जेल प्रशासन ने आंतरिक जांच शुरू की। जांच पूरी होने और आरोपों की पुष्टि के बाद 5 अगस्त को अजमेर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज किया गया। यह केस अजमेर सेंट्रल जेल के गार्ड महिपाल मंगलोड़ा की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ। FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने दिव्या चौधरी की तलाश शुरू की, लेकिन गिरफ्तारी से बचने के लिए वह फरार हो गईं।
CCTV और मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस
दिव्या चौधरी को पकड़ने के लिए सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम बनाई गई। एडिशनल सुपरिटेंडेंट पुलिस हिमांशु जांगिड़ और डिप्टी एसपी शिवम जोशी के निर्देशन में गठित टीम में नियमित पुलिसकर्मियों के साथ साइबर सेल के अधिकारी भी शामिल थे।
पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। इसके बाद मोबाइल नंबर की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की गई। आखिरकार 6 अक्टूबर को अजमेर पुलिस की स्पेशल टीम ने कोटा जिले के एक रिहायशी फ्लैट पर छापा मारकर दिव्या चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
जिस जेल की थीं जेलर, अब वहीं हैं कैदी
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू गिरफ्तारी के बाद सामने आया। पुलिस के मुताबिक, दिव्या चौधरी को अब उसी अजमेर सेंट्रल जेल में रखा गया है जहां वह बतौर जेलर तैनात थीं। यानी जिस जेल में वह कभी कैदियों की सुरक्षा, अनुशासन और निगरानी की जिम्मेदारी संभालती थीं, अब उसी जेल में वह खुद एक आरोपी के तौर पर बंद हैं।
राजस्थान प्रिजन रूल्स, 2022 के तहत जेलर की जिम्मेदारी कैदियों की हिरासत, सुरक्षा और अनुशासन सुनिश्चित करना तथा किसी भी सुरक्षा चूक या अनियमितता की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देना है। ऐसे में दो कैदियों को कथित तौर पर निजी घरेलू काम के लिए जेल से बाहर ले जाने का आरोप बेहद गंभीर माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: गोद में मासूम, सामने गुस्सैल सांड… बुजुर्ग पर बार-बार हमला, CCTV में कैद खौफनाक मंज़र
सोशल मीडिया पर एक खौफनाक CCTV वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों की सांसें थम जा रही हैं। वीडियो में एक बुजुर्ग अपनी गोद में मासूम बच्चे को लेकर जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
