वक्फ बोर्ड की हाल में हुई बैठक में कश्मीर में शुक्रवार और अन्य धार्मिक मौकों पर एक जैसे उपदेश (खुतबे) देने की चर्चा के सामने आने के बाद इसका विरोध शुरू हो गया है। शनिवार को हुई बोर्ड की बैठक में, एक जैसे उपदेशों के लिए विषय चुनने के वास्ते इमामों और वरिष्ठ धार्मिक विद्वानों की एक समिति बनाने पर चर्चा की गई, इसकी एक वीडियो भी सामने आई जिसमें यह चर्चा की जा रही।

इस चर्चा का एक वीडियो सामने आने के बाद सीएम उमर अब्दुल्ला से लेकर पीडीपी तक नाराज हुई। इसके बाद, वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन दरख्शां अंद्राबी ने मंगलवार को कहा कि ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा, “इस कदम पर वक्फ से जुड़े इमामों और धार्मिक विद्वानों ने चर्चा की थी और उन्हें स्वतंत्र रूप से काम करने की इजाजत दी जानी चाहिए।”

फैसला खुद इमाम करते हैं- दरख्शां अंद्राबी

मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सफाई देते हुए वक्फ बोर्ड की प्रमुख दरख्शां अंद्राबी ने राजनीतिक दलों को जम्मू-कश्मीर में बोर्ड का राजनीतिकरण करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “यह राजनीति का मामला नहीं है। शुक्रवार के उपदेशों में क्या कहा जाएगा, इसका फैसला खुद इमाम करते हैं। मैं एक धार्मिक संस्था का प्रमुख हूँ और हमारा मानना ​​है कि हमें अपने समाज के मुद्दों और चिंताओं पर चर्चा करने का मौका मिलना चाहिए।”

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जाहिर की नाराजगी

मामले में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “यह मुसलमानों के धार्मिक मामलों में दखल देने की भाजपा की एक अस्वीकार्य कोशिश है और इसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भाजपा की ओर से नियुक्त चेयरपर्सन को अपने आकाओं को खुश करने की इस गलत कोशिश को तुरंत रोकना चाहिए।”

मुसलमान कभी स्वीकार नहीं करेंगे- मीरवाइज उमर

इधर कश्मीर के मुख्य धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने भी इस प्रस्तावित कदम पर अपनी नाराजगी जाहिर की। जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक और सामाजिक-धार्मिक संगठनों के समूह ‘मुत्तहिदा मजलिस-ए-उलेमा जम्मू-कश्मीर’ (MMU) के प्रमुख मीरवाइज उमर फारूक ने मंगलवार को कहा कि यह सुझाव भी कि कोई वैधानिक संस्था यह तय या नियंत्रित कर सकती है कि मिंबर (उपदेश देने का मंच) से क्या उपदेश दिया जाए, “हास्यास्पद है और इसे जम्मू-कश्मीर के मुसलमान कभी स्वीकार नहीं करेंगे।”

MMU ने एक बयान में इस बात पर भी जोर दिया कि धार्मिक मार्गदर्शन उलेमा, इमामों और मान्यता प्राप्त धार्मिक संस्थानों का काम है, जो इस्लामी विद्वता और अलग-अलग विचारधाराओं की परंपराओं पर आधारित है। आगे कहा, “राज्य या सरकार धार्मिक चर्चा और दिए जाने वाले भाषण को तय करने का अधिकार खुद नहीं ले सकती और न ही आस्था और धार्मिक रीति-रिवाजों के मामलों में दखल दे सकती है।”

महबूबा मुफ्ती ने भी की आलोचना

पीडीपी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी एक जैसे उपदेश (सर्मन) देने के विचार की आलोचना की और ऐसे निर्देशों के पीछे के कारण पर सवाल खड़े किए। एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि शुक्रवार के उपदेश मुख्य रूप से किसी खास इलाके या जगह के मुद्दों और हालात पर आधारित होते हैं, साथ ही इनमें बड़े सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर भी बात की जाती है। उन्होंने कहा कि इन उपदेशों के लिए एक जैसा तरीका थोपना स्थानीय हकीकत की विविधता और अपने समुदाय का मार्गदर्शन करने वाले धार्मिक विद्वानों की भूमिका को नजरअंदाज़ करना है।

BJP की UCC लाने की कोशिश का जिक्र करते हुए महबूबा मुफ्ती ने कहा कि ऐसे कदमों का विरोध इसलिए होता है क्योंकि एक विविध समाज पर उनकी अलग-अलग धार्मिक प्रथाओं, रीति-रिवाजों और परंपराओं को देखे बिना एक जैसा नियम नहीं थोपा जा सकता। उन्होंने कहा, “भारत की ताकत उसकी विविधता में है, जहाँ अलग-अलग समुदायों को अपने धर्म और परंपराओं को मानने की आजादी है, न कि उन्हें एक ही ढांचे में जबरदस्ती ढालने में।”

यह भी पढ़ें: ‘कश्मीर मॉडल दिल्ली में लागू’, CJP के विरोध-प्रदर्शन से पहले लगी पाबंदियों पर उमर अब्दुल्ला का तंज

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में लागू किए गए कड़े सुरक्षा उपायों पर टिप्पणी करते हुए जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि कश्मीर मॉडल को दिल्ली में लागू किया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें