राजस्थान बीजेपी प्रमुख मदन राठौड़ ने यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया है कि अगर पाकिस्तान और अमेरिका के बीच युद्ध छिड़ता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा। इसको लेकर अब राठौड़ ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि युद्ध का कोई जिक्र नहीं था। बातचीत केवल एक क्रिकेट मैच के बारे में थी।
राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “कल पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम जी की जंयती थी और इस अवसर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें मुस्लिम समुदाय के कार्यकर्ता उपस्थित थे। मैंने यह बात कही कि राष्ट्रभक्ति जरूरी है, अगर भारत-पाकिस्तान का मैच हो और दुर्भाग्य से भारत हार जाए तो उस समय जो पटाखे फोड़ते हैं वो देशभक्त नहीं है। आगे मैंने कहा कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान का यदि मैच हो तो बात अलग है और अब उसको युद्ध की तरह लें लें तो मैं सोचता हूं कि यह दुर्भाग्यपूर्ण हैं।”
मदन राठौड़ ने आगे कहा, “किसी ने मुझे डैमेज करने के लिए इस तरह की बात कही है। जो बात मैंने कही उसको शब्दश सुनो। शब्द अगर पूरे सुनेंगे तो सब कुछ क्लियर हो जाएगा। किसी ने 2 सेकंड या 8-10 सेकंड की क्लिप को संदर्भ से हटाकर पेश किया है। हमारा पाकिस्तान के साथ दुश्मनी जैसा व्यवहार है। वो आतंकवाद पैदा करता है और आतंकवादियों को प्रशिक्षण देता है। हमारे यहां पर साजिश करके हमले करवाता है। फिर उसके साथ में हम कैसे रह सकते हैं। हमारा रुख बिल्कुल क्लियर है, लेकिन मैच को लेकर जो बात होती है और उसको कोई तोड़-मरोड़कर पेश करे तो यह गलत बात है। वो सब कुछ मैच को लेकर ही था, मैच से संबंधित चर्चा थी। युद्ध का तो कोई प्रसंग ही नहीं था, मैच की बात चल रही थी।”
मदन राठौड़ ने क्या कहा था?
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जयपुर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए मदन राठौड़ ने कहा, “हम सभी को यह समझना होगा। जब बात भारत की आती है, अगर आज अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध छिड़ जाता है, तो हम पाकिस्तान के साथ खड़े होंगे क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है, लेकिन जब हमारे आपसी मतभेदों की बात आती है, तो हम अपने भारत के साथ खड़े होते हैं। है ना? यही बात हमें समझनी होगी।”
विपक्ष ने बोला हमला
मदन राठौड़ की टिप्पणी की विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की। कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने राठौड़ को राष्ट्र-विरोधी करार दिया। शमा मोहम्मद ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “हमारे सैनिकों और जनता को मारने वाले आतंकवादी राष्ट्र पाकिस्तान के प्रति भाजपा का प्रेम एक बार फिर उजागर हो गया है। राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ का कहना है कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है तो वह पाकिस्तान के साथ हैं। हमें बताएं कि इस राष्ट्रविरोधी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है।”
यह भी पढे़ं: कौन हैं मदन राठौड़? चुना गया राजस्थान बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष
राजस्थान भाजपा नेता मदन राठौड़ शनिवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में फिर से निर्विरोध चुन लिया गया। चुनाव अधिकारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने इसको लेकर जानकारी दी। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और राज्य में पार्टी के शीर्ष नेताओं के साथ राठौड़ ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में रूपाणी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। राठौड़ के पांच प्रस्तावकों में सीएम शर्मा और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी शामिल थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
