India–US Trade Deal News: भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बन गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-अमेरिकी व्यापार समझौते की घोषणा की। इसके तहत अब अमेरिकी टैरिफ को 50 फीसदी से घटकर 18 फीसदी कर दिया गया है। इस डील के बाद अब देश में सियासत भी देखने को मिल रही है। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार से चार सवाल किए हैं।
कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सीजफायर की तरह ही ट्रेड डील की घोषणा भी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने की। बताया जा रहा है कि यह व्यापार समझौता मोदी के अनुरोध पर किया जा रहा है।”
कांग्रेस ने कहा, “ट्रंप का कहना है कि भारत अमेरिका के खिलाफ लगाए गए टैरिफ और नॉन टैरिफ को जीरो कर देगा। ऐसा लगता है कि भारत ने अमेरिका के लिए अपना बाजार पूरी तरह से खोलने पर सहमति जताई है। इससे भारतीय उद्योग, व्यापारियों और किसानों पर असर पड़ेगा। बयान में एग्रीकल्चर सेक्टर को भी अमेरिका के लिए खोलने की बात कही गई है। आखिर यह समझौता है क्या? हमारे किसानों की सुरक्षा और हितों को कैसे सुनिश्चित किया गया है। यह भी कहा गया है कि मोदी सरकार रूस से तेल नहीं खरीदेगी, बल्कि अमेरिका और वेनेजुएला से खरीदेगी। क्या मोदी सरकार ने इस शर्त को मान लिया है। इसके अलावा, अमेरिका से और ज्यादा सामान खरीदने की बात भी हो रही है। अगर ऐसा है, तो ‘मेक इन इंडिया’ का क्या हुआ? भारत को ट्रेड डील की पूरी जानकारी जानने का अधिकार है। मोदी सरकार को संसद और पूरे देश को विश्वास में लेकर सभी डिटेल शेयर करनी चाहिए।”
ये भी पढे़ं: ट्रंप से ट्रेड डील में सफल कूटनीति की झलक, US को पाकिस्तान-चीन से कम टैरिफ देगा भारत
वॉशिंगटन में साफ तौर मोगैम्बो खुश है- जयराम रमेश
कांग्रेस नेता जयराम रमेश का कहना है कि ट्रंप लगातार भारत से जुड़े बड़े फैसलों की जानकारी अमेरिका से दे रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को रोकने की घोषणा वॉशिंगटन, डीसी से की। ट्रंप वॉशिंगटन से ही रूस और वेनेजुएला से भारत की तेल खरीद को लेकर अपडेट की घोषणा की। अब उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा भी वॉशिंगटन से कर दी है, जिसके पूरे विवरण का अभी इंतजार किया जा रहा है।”
जयराम रमेश ने आगे लिखा, “प्रधानमंत्री मोदी किसी वजह से राष्ट्रपति ट्रंप के सामने साफ तौर पर दबाव में दिखाई देते हैं-सामान्य तौर पर होने वाली गले-मिलने की झप्पियों की बात तो दूर, अब पीएम उनके साथ दिखने तक से असहज नजर आते हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि पीएम मोदी ने अंततः हार मान ली है। यह निश्चित रूप से फादर ऑफ ऑल डील्स नहीं हो सकता। वॉशिंगटन में साफ तौर मोगैम्बो खुश है।”
अमेरिकी राष्ट्रपति ने की ट्रेड डील की घोषणा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि टैरिफ में कटौती के बदले भारत रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गया है। ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि भारत अमेरिका से अलग-अलग क्षेत्रों में 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत धीरे-धीरे अमेरिका पर टैरिफ घटाकर जीरो कर देगा। ट्रंप ने लिखा, “हमने व्यापार और यूक्रेन-रूस युद्ध को खत्म करने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका के साथ-साथ वेनेजुएला से ज्यादा तेल खरीदने पर सहमत हो गए हैं। इससे यूक्रेन में युद्ध रोकना संभव हो सकेगा।” ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर यह भी लिखा कि वह प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान करते हैं, इसलिए उन्होंने उनके अनुरोध पर भारत के साथ ट्रेड डील पर साइन करने पर सहमति जताई।
पीएम मोदी ने दी प्रतिक्रिया
ट्रंप की घोषणा पर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई है कि मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स पर अब 18% का कम टैरिफ लगेगा और दोनों लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत सहयोग से उनके लोगों को लाभ होगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
