Israel-Iran War: मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के कारण कई विमान कंपनियों ने सेवाएं रद्द कर दी हैं। इजरायल-ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण प्रमुख विमानन गंतव्य एवं वाणिज्यिक केंद्र दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन शनिवार को बड़े पैमाने पर बाधित हुआ है। दो देशें को बीच जारी गतिरोध के कारण आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। भारत में भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक मिडिल-ईस्ट के हालात की वजह से फ्लाइट में रुकावट और कैंसलेशन के कारण IGI एयरपोर्ट पर कई यात्री फंसे हैं। उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक फंसे हुए यात्री ने कहा, “मुझे दिल्ली से सऊदी जाना था, लेकिन मेरी फ्लाइट कैंसल हो गई। हम 14 घंटे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई खबर नहीं मिली है। यह बहुत मुश्किल हो रहा है।”
वहीं, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी यात्रियों की भीड़ लगी हुई है। मिडिल ईस्ट के हालात की वजह से कई फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं।
इधर, चेन्नई एयरपोर्ट पर भी ऐसे ही हालात दिखे। यहां हंगरी के एक टूरिस्ट ने कहा, “दुबई एयरपोर्ट बंद है और हमारी कोई फ्लाइट नहीं है। हम अब अपनी फ्लाइट टिकट किसी दूसरी एयरलाइन, जैसे लुफ्थांसा या किसी दूसरी यूरोपियन एयरलाइन में बदलने की कोशिश कर रहे हैं। मैं थोड़ा निराश हूं, लेकिन मुझे उम्मीद है कि हम जल्द ही घर जा सकेंगे। हम यहां पूजा के लिए आए थे…”
मालूम हो कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण कई विमान कंपनियों ने सेवाएं रद्द कर दी। हवाई क्षेत्र बंद होने से पूरे खाड़ी क्षेत्र में कई उड़ानें बाधित हुई हैं। भारत से इंडिगो ने पश्चिम एशिया की अपनी उड़ान सेवाएं रोक दी हैं। एयर इंडिया ने शनिवार को मार्ग में परिवर्तन करके दिल्ली से तेल अवीव जा रही अपनी उड़ान को मुंबई भेज दिया।
एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘अठाइस फरवरी को दिल्ली से तेल अवीव के लिए संचालित उड़ान एआई 139 इजराइल के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण तथा यात्रियों एवं चालक दल की सुरक्षा के मद्देनजर भारत लौट रही है।’ एयरलाइन के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि विमान को मुंबई भेजा गया है। एयर इंडिया ने कहा, ‘हम अपनी उड़ानों के संचालन के लिए सुरक्षा और संरक्षा से जुड़ी परिस्थितियों का लगातार आकलन कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर परिचालन में बदलाव करेंगे।’
विमानन नियामक डीजीसीए ने शनिवार को एयरलाइंस को ईरान, सऊदी अरब और यूएई सहित 11 देशों के हवाई क्षेत्रों का उपयोग दो मार्च तक न करने की सलाह दी है। इन देशों में ईरान, इजराइल, लेबनान, यूएई, सऊदी अरब, बहरीन, ओमान, इराक, जॉर्डन, कुवैत और कतर शामिल है।
इजराइल और अमेरिका ने शनिवार को ईरान पर हमला किया, जिसके बाद कई हवाई क्षेत्र पहले से ही बंद हैं। भारतीय एयरलाइंस ने पश्चिम एशिया के लिए अपनी सेवाएं स्थगित कर दी है। नियामक ने कहा कि यह परामर्श अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों और यूरोपीय विमान सुरक्षा एजेंसी (ईएएसए) के संघर्ष क्षेत्र सूचना बुलेटिन (सीजेडआईबी) के अनुरूप जारी किया गया है।
विमान कंपनियों को संबंधित देशों और राष्ट्रीय अधिकारियों द्वारा जारी की जाने वाली सभी ताजा सूचनाओं पर बारीकी से नजर बनाए रखने को कहा गया है। डीजीसीए ने अपने परामर्श में कहा, ‘यह सलाह तत्काल प्रभाव से लागू है और दो मार्च, 2026 तक मान्य रहेगी।’
