प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, शुक्रवार को, राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करने वाले हैं। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच इस बैठक को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को लॉकडाउन लगने की आशंका जताई। ममता बनर्जी ने कहा कि ये लोग शायद लॉकडाउन लगा सकते हैं और लोगों को घर में कैद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “2021 में भी मैंने इस लॉकडाउन के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। मैं हर स्थिति में उनसे मुकाबला कर सकती हूं।” टीएमसी प्रमुख 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र कर रही थीं, जो कोरोना काल में हुए थे।
LPG संकट पर बोलीं सीएम ममता
गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी टीएमसी प्रत्याशी नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती के लिए प्रचार करने वर्धमान जिले में पहुंचीं। वहां उन्होंने एलपीजी सिलेंडर की कमी पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने इस बात का विरोध किया था कि बुकिंग के 35 दिनों बाद एलपीजी सिलेंडर मिलता है, जबकि अब सरकार कह रही है कि 25 दिनों में मिलेगा। “मुझे इन पर बिल्कुल भी विश्वास नहीं है। मान लीजिए अगर किसी की गैस पहले खत्म हो जाए, तो वह 25 दिन तक क्या करेगा? लोगों को एक बार फिर पुराने तौर-तरीकों पर लौटने के लिए मजबूर किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के सत्ता में आने से पहले एक घरेलू सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपये हुआ करती थी, जो अब बढ़कर लगभग 1100 रुपये हो चुकी है। पेट्रोल के दाम भी बढ़ रहे हैं। “क्या ये लोग फिर से लॉकडाउन लगाने का सोच रहे हैं? क्या बीजेपी लोगों को घर में कैद करना चाहती है? 2021 में हमने अपनी पूरी ताकत के साथ उस लॉकडाउन के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी। अगर हम तब लड़ सकते थे, तो आज भी लड़ सकते हैं।”
पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक
जानकारी के लिए बता दें कि प्रधानमंत्री की शुक्रवार को मुख्यमंत्रियों के साथ होने वाली इस वर्चुअल बैठक में चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शामिल नहीं किया गया है। पीएम मोदी की बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब देश के कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल को लेकर लंबी-लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई हैं। बात चाहे गुजरात की हो, उत्तर प्रदेश की, मध्य प्रदेश की या फिर असम की, लोग पैनिक बाइंग करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
