दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके में एक आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या मामले की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल मीणा (23) ने वारदात को अंजाम देने से पहले छत पर बने कमरे का दरवाजा खटखटाया, जहां युवती पढ़ाई कर रही थी। पूछे जाने पर उसने युवती से कहा कि उसके पिता (आईआरएस अधिकारी) ने उसके लिए कुछ भेजा है।
जब युवती ने दरवाजा नहीं खोला, तो आरोपी ने बगल के बाथरूम के रास्ते अंदर घुसने की प्लानिंग बनाई। वह पानी के पाइपों के सहारे दीवार पर चढ़कर छत तक पहुंचा और छत की दो फाइबर शीट हटाकर बाथरूम के जरिए कमरे में घुस गया। मामले की जांच से जुड़े एक सूत्र ने बताया, “वह दरवाजा खटखटाता रहा। युवती ने पूछा कि कौन है। उसने कहा कि वह गांव से लौटा है और उसके पिता ने कुछ भेजा है। युवती ने उसे बाहर रखने को कहा और बाद में लेने की बात कही। वह करीब पांच मिनट तक इंतजार करता रहा, लेकिन जब वह बाहर नहीं आई, तो उसने ऊपर से अंदर घुसने का फैसला किया।”
कमरे में घुसने के बाद आरोपी ने युवती से पैसे की मांग की। युवती ने उसे पिता से लेने को कहा और उन्हें फोन करने लगी, लेकिन आरोपी ने उसका फोन छीनकर फेंक दिया। इसके बाद युवती चिल्लाने लगी तो उसने उसका मुंह बंद करने की कोशिश की। सूत्रों के मुताबिक, जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने टेबल लैंप और पानी की बोतल से उस पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर दुष्कर्म किया। होश में आने पर जब युवती ने उसे काटा, तो उसने मोबाइल चार्जिंग केबल से उसका गला घोंट दिया।
ऐसा करने के बाद आरोपी युवती को बाल पकड़कर घसीटते हुए तीसरी मंजिल के एक कमरे में ले गया, जहां लॉकर रखा था। उसने उसके फिंगरप्रिंट से बायोमेट्रिक लॉक खोलने की कोशिश की, लेकिन उंगली पर खून होने के कारण लॉक नहीं खुला। तीन बार फेल होने के बाद लॉकर ने पासवर्ड मांगा, जिसके बाद आरोपी ने स्क्रूड्राइवर की मदद से डिजिटल लॉकर तोड़कर खोल लिया।
आरोपी ने लॉकर से करीब ढाई लाख रुपये नकद चुरा लिए और खून से सने अपने कपड़े बदल लिए। आरोपी ने युवती के भाई की अलमारी से कपड़े निकाले और वो पहन लिए। इसके बाद वह नीचे आकर फिर से युवती का गला दबाता रहा, उसका आईफोन लेकर बैग में रखा और मुख्य गेट से फरार हो गया। सूत्रों ने कहा कि जाते समय वह अपने जूते घर में ही छोड़ गया और वहां रखी अपनी एक पुरानी चप्पल पहन कर निकल पड़ा।
यह भी पढ़ें – घरों में काम करने वाले ‘हाउस हेल्प’ स्टाफ का कैसे करवाएं पुलिस वेरिफिकेशन
दक्षिण-पूर्व दिल्ली के अमर कॉलोनी में हुई घटना ने लोगों को चौंका दिया है। पूर्व ‘हाउस हेल्प’ के तौर पर काम करने वाले राहुल मीणा द्वारा आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या ने लोगों को सकते में डाल दिया। राहुल जिसे एक अन्य अफसर की सिफारिश पर काम पर रखा गया था, उसने मोबाइल फोन के चार्जर केबल से युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी। पूरी खबर पढ़ें…
