पश्चिम एशिया में संघर्ष के तीसरे दिन भी जारी रहने से भारतीय एयरलाइंस ने सोमवार को 300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रद्द कर दिया। सोमवार को देश के चार मुख्य हवाई अड्डों – दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई पर आगमन और प्रस्थान सहित 300 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के मद्देनजर मध्य पूर्व क्षेत्र के कई हवाई क्षेत्र बंद रहे।
अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सोमवार को इंडिगो ने 163 से अधिक उड़ानें रद्द कीं, जबकि एअर इंडिया समूह (एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस) ने 110 से अधिक उड़ानें रद्द कीं। अधिकारियों और वेबसाइटों और अन्य स्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पाइसजेट ने कम से कम 20 उड़ानें रद्द कीं जबकि अकासा एयर ने आठ उड़ानें संचालित नहीं कीं। कुल मिलाकर, भारतीय विमानन कंपनियों ने 300 से अधिक विदेशी उड़ानें रद्द कर दीं।
दिल्ली एयर पोर्ट पर दिन भर में 87 उड़ानें रद्द
एअर इंडिया ने सोमवार को उत्तरी अमेरिका और यूरोप के लिए लगभग 20 उड़ानें संचालित कीं। यूरोप में प्रवेश करने से पहले इन उड़ानों ने ओमान, सऊदी अरब और मिस्र के ऊपर से होकर लंबा मार्ग अपनाया। इस बीच, मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डों पर दिन भर में क्रमशः 116 और 87 उड़ानें रद्द हुईं। बेंगलुरु और चेन्नई हवाई अड्डों पर क्रमशः 72 और 28 उड़ानें रद्द हुईं। दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डीआईएएल ने सोमवार को कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण पश्चिम की ओर जाने वाली कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी या समय-सारणी में बदलाव हो रहा है। मंगलवार को भी कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
‘एक्स’ पर एक पोस्ट में, अकासा एयर ने कहा कि अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें मंगलवार को निलंबित रहेंगी। इंडिगो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमारी निरंतर एहतियाती रणनीति के तहत, पश्चिम एशियाई हवाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों से होकर गुजरने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का अस्थायी निलंबन बढ़ा दिया गया है।”
Israel-Iran-USA War: हवाई क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन प्रभावित
नागर विमानन मंत्रालय के अनुसार, पिछले दो दिनों में भारतीय एयरलाइंस ने विभिन्न गंतव्यों के लिए 760 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं। अमृतसर हवाई अड्डे पर भी 12 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द रहीं। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया, “कुल 12 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, सभी की सूचना यात्रियों को पहले ही दे दी गई थी। ये कदम ईरान के हवाई क्षेत्र के निरंतर बंद होने के कारण उठाया गया हैं। हवाई क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है।”
US-Israel Iran War LIVE Updates
(इनपुट-भाषा)
