Tamil Nadu News: टीवीके प्रमुख विजय ने तमिलनाडु में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात की। उनके पास 112 विधायकों के हस्ताक्षर वाला समर्थन पत्र था। हालांकि, राज्यपाल ने विजय को 118 विधायकों के समर्थन वाला पत्र लेकर वापस आने का निर्देश दिया। तमिलनाडु राजभवन ने इस मामले के संबंध में जानकारी देते हुए एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना (यूबीटी) गुट के नेता और सांसद संजय राउत ने राज्यपाल पर तीखा तंज कसा है।
संजय राउत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “तमिलनाडु में BJP को केवल 1 सीट मिली है। इसके बावजूद, राज्यपाल को BJP को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए और उन्हें अगले 5 वर्षों के लिए बहुमत साबित करने का समय देना चाहिए, ताकि वे अतिरिक्त 117 विधायकों का समर्थन जुटा सकें।”
राज्यपाल से विजय ने की थी मुलाकात
बता दें कि विजय ने बुधवार शाम राज्यपाल आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया, लेकिन वे उन्हें यह समझाने में सफल नहीं हो सके कि उनके पास सरकार बनाने के लिए गठबंधन सहयोगियों का आवश्यक समर्थन है। आज सुबह उनकी फिर मुलाकात हुई। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्यपाल ने विजय से कई सवाल पूछे, जिनमें यह भी शामिल था कि वे बहुमत के बिना प्रशासन कैसे चलाएंगे और कौन सी अन्य पार्टियां टीवीके का समर्थन करने के लिए तैयार हो सकती हैं। राज्यपाल ने विजय से उनकी पार्टी को भविष्य में मिलने वाले समर्थन के बारे में दिए गए बयानों को स्पष्ट करने को भी कहा।
खबरों के मुताबिक, विजय ने राज्यपाल से बातचीत के दौरान फ्लोर टेस्ट का सामना करने की इच्छा जताई। हालांकि, राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले उनसे बहुमत साबित करने की मांग की।
एक्टर विजय की पार्टी को कितनी सीटें मिलीं?
हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में, अभिनेता विजय की पार्टी, ‘तमिलगा वेट्री कड़गम’ (TVK) ने 108 सीटें जीतीं। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। कांग्रेस पार्टी के समर्थन से टीवीके की सीटों की संख्या बढ़कर 112 हो गई है। हालांकि, विजय ने दो निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की है। इसके अलावा, बहुमत साबित करते समय विधानसभा अध्यक्ष अपना वोट नहीं डाल सकते। टीवीके को अतिरिक्त सात सीटों की जरूरत है। पढ़ें पूरी खबर…
