22 साल की एक लड़की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर धार्मिक या आध्यात्मिक उपचार के नाम पर चलाए जा रहे ठगी के धंधे का शिकार हो गई। लड़की के साथ जो हुआ, उससे पता चलता है कि जीवन में मुश्किलों से जूझ रहे लोगों की मजबूरी का फायदा किस तरह कुछ ठग उठाते हैं और आसानी से ऐसे लोगों को अपना शिकार बना लेते हैं।
यह लड़की इस साल अप्रैल में जब इंस्टाग्राम स्क्रॉल कर रही थी तो उसकी नजर एक ऐसे पेज पर पड़ी जिसकी डिस्प्ले पिक्चर में जलती हुई मोमबत्ती और एक मोबाइल नंबर था। पेज का नाम था – ‘ऑल प्रॉब्लम सॉल्वड’ यानी सभी परेशानियों से छुटकारा।
इस दौरान वह लड़की अपने जीवन में काफी मुश्किलों से गुजर रही थी क्योंकि कई जॉब इंटरव्यू देने के बाद भी उसे नौकरी नहीं मिली थी। लड़की को ऐसा लगा कि उसे अपनी मुश्किलों का हल यहां मिल सकता है। लड़की ने बी.टेक किया है।
पेज के कॉमेंट सेक्शन में कई लोगों ने बताया था कि कैसे ‘मौलाना जी’ ने समस्याओं से बाहर निकलने में उनकी मदद की लेकिन लड़की को शायद अंदाजा नहीं था कि वह किसी बड़ी मुश्किल में फंसने वाली है।
ये ठग ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे जो अपने जीवन में प्यार, परिवार से जुड़ी या आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं।
तीन दिन में गंवा दिए 2 लाख रुपये
लड़की ने अगले तीन दिनों में ही ठगों की बातों में आकर उन्हें 2 लाख रुपये दे दिए। जब यह मामला दिल्ली पुलिस के पास पहुंचा तो इस दौरान चौंकाने वाली जानकारी यह मिली कि इस घोटाले का सरगना वास्तव में कोई ‘मौलाना जी’ नहीं था बल्कि पंजाब के मोहाली जिले के खरड़ में रहने वाले गणेश और मनदीप सिंह नाम के दो शख्स थे।
ये दोनों खुद को ‘फेथ हीलर’ बताते थे और लोगों को ठगते थे। दोनों ही राजस्थान के श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं और लोगों को बताते थे कि वे एक तांत्रिक धर्मगुरु ‘अनवर अली मौलाना जी’ के सहायक हैं। दोनों ही लोगों को हवन और धार्मिक अनुष्ठान के वीडियो दिखाते थे और पैसे मांगते थे।
पुलिस की जांच में पता चला है कि यह दोनों पिछले तीन सालों से ठगी के इस नेटवर्क को चला रहे थे और उन्होंने कई लोगों को धोखा दिया है। पुलिस को पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के लगभग 2000 लोगों के साथ की गई चैट भी मिली हैं।
लड़की को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा
लड़की अब सदमे में है क्योंकि उसकी सारी सेविंग्स खत्म हो गई है। पुलिस के मुताबिक, उसने अपने मम्मी-पापा को भी इस बारे में नहीं बताया। अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में पता चलने के बाद लड़की को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा हालांकि उसे उम्मीद है कि उसके पैसे वापस मिल जाएंगे।
पुलिस का कहना है कि धोखाधड़ी करने वाले इन दोनों ठगों को लगता था कि लोग पीर बाबाओं के प्रति बहुत सम्मान रखते हैं और उनके पास अद्भुत क्षमता होती है। ऐसा ही इस युवती के साथ भी हुआ और वह इनके जाल में फंस गई।
तुम्हारा शनि भारी है…
पुलिस के मुताबिक, लड़की ने जैसे ही इंस्टाग्राम पेज पर दिए गए मोबाइल नंबर को हैलो मेसेज भेजा तो दूसरी ओर से एक ‘महिला’ का तुरंत जवाब आया और उसने पूछा कि बताइए, आपको क्या परेशानी है? ‘महिला’ ने युवती को भरोसा दिलाया कि मौलाना एक ताकतवर वैद्य हैं जिन्होंने उसकी समस्याओं को भी हल किया है। इसके बाद पीड़िता को एक ऑडियो कॉल आया जिसमें बताया गया कि उसकी बात ‘अनवर अली मौलाना जी’ से हो रही है।
यह बातचीत 5 मिनट तक चली। इस दौरान ‘अनवर अली मौलाना जी’ ने बार-बार पीड़िता को ‘बेटा’ कहकर बात की और पीड़िता से दाहिने हाथ की हथेली की तस्वीर भेजने को कहा। मौलाना ने कहा कि तुम्हारा शनि भारी है और हवन के लिए ढाई हजार रुपए देने होंगे।
पीड़िता को बताया गया कि उसका धार्मिक अनुष्ठान एक कब्रिस्तान के पास किया जाएगा और उसे 3 सेकंड का वीडियो भी दिखाया गया। जब भी पीड़िता चैट करती तो आरोपी ‘अस्सलाम वालेकुम’ कहकर बातचीत शुरू करता था। धीरे-धीरे पीड़िता से पूजा शुल्क, धार्मिक अनुष्ठान में आने वाले खर्च के नाम पर पैसे मांगे जाने लगे और लड़की ने चार अलग-अलग किस्तों में 2 लाख रुपये दे दिए। इसके लिए आरोपियों ने उसे कुछ क्यूआर कोड भेजे।
पुलिस के मुताबिक, ठगों ने पीड़िता से कहा कि क्योंकि शैतानी ताकत बहुत मजबूत है इसलिए बार-बार हवन करना होगा। उससे उसकी हथेलियों की और तस्वीरें भी मंगवाई गईं। इसके बाद जब अचानक फोन और टेक्स्ट मैसेज आने बंद हो गए तो पीड़िता को उसके साथ धोखाधड़ी होने का पता चला।
दिल्ली पुलिस को बताई परेशानी
2 मई को महिला ने दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर पुलिस को अपनी परेशानी बताई। इसके बाद गणेश और मनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस डिप्टी कमिश्नर (सेंट्रल) रोहित राजबीर ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इन दोनों ठगों ने अपने घर वालों को बताया था कि वे मोहाली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
दोनों ने महिलाओं के नाम से सोशल मीडिया पर कई अकाउंट्स बनाए और इनसे अपने इंस्टाग्राम पेज पर कॉमेंट किए। पुलिस के मुताबिक, ये दोनों पीड़ितों को भरोसा दिलाते थे कि वे उनकी परेशानियों को लेकर किसी सलाहकार के संपर्क में हैं। पुलिस ने इस मामले में अमरनाथ और दीपांशु नाम के दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांच स्मार्टफोन जब्त किए हैं और इनकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली कैसे बनी ‘क्राइम कैपिटल’
8 सितंबर, 1978 को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बिल्ला और रंगा को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही भारत की सबसे चर्चित, सबसे भयावह और सबसे बड़ी तलाश में से एक का अंत हो गया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
