Indonesian Orangutans News: इंडोनेशिया सरकार ने ओडिशा के बालेश्वर स्थित बिचित्रपुर जंगल से रेस्क्यू किए गए पांच छोटे ओरंगुटान की सेहत और कल्याण की जांच के लिए अपने एक्सपर्ट्स के एक सात-सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को भारत भेजने का प्रस्ताव दिया है। यह प्रतिनिधिमंडल ओडिशा के नंदनकानन प्राणी उद्यान का दौरा करेगा।

भारतीय अधिकारियों ने इंडोनेशिया के इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक रूप से मंजूरी दे दी है। यह दौरा ऐसे समय में प्रस्तावित किया गया है, जब ओडिशा वन विभाग अभी तक इन ओरंगुटान की सटीक उत्पत्ति और प्रजाति का पता नहीं लगा पाया है। इंडोनेशियाई अधिकारियों का कहना है कि इस दौरे से जानवरों की प्रजाति और उनके मूल निवास स्थान के सत्यापन में मदद मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे पशु चिकित्सक

इंडोनेशिया गणराज्य के वानिकी मंत्रालय के जनसंपर्क और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग ब्यूरो के निदेशक रिस्टियांतो प्रिबाडी ने बताया कि इंडोनेशिया के ‘साइट्स’ (CITES) प्रबंधन प्राधिकरण ने राजनयिक और तकनीकी चैनलों के माध्यम से ओडिशा में एक तकनीकी प्रतिनिधिमंडल भेजने का औपचारिक प्रस्ताव दिया था। भारत ने इस पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है और दोनों देश इसके समय व व्यवस्थाओं पर समन्वय कर रहे हैं।

साइट्स जंगली जीवों और वनस्पतियों की संकटग्रस्त प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर सम्मेलन की एक वैश्विक संधि है। इसके तहत ओरंगुटान के व्यापार पर सख्त प्रतिबंध है और केवल शोध उद्देश्यों के लिए ही इसकी अनुमति दी जाती है। इस प्रतिनिधिमंडल में इंडोनेशियाई CITES प्राधिकरण के प्रतिनिधियों के साथ-साथ पशु चिकित्सक, ओरंगुटान जीव विज्ञान, स्वास्थ्य, कल्याण और संरक्षण मामलों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।

रेस्क्यू किए गए ओरंगुटान की उत्पत्ति का पता लगाना अभी बाकी

8 सितंबर को बिचित्रपुर जंगल से रेस्क्यू किए जाने के तुरंत बाद, इंडोनेशिया के वानिकी मंत्रालय ने भारत सरकार को पत्र लिखकर इन जीवों की स्वदेश वापसी (Repatriation) में सहयोग की इच्छा जताई थी। उनका अनुमान है कि ये ओरंगुटान सुमात्रा मूल के हो सकते हैं।

ओरंगुटान की तीनों मुख्य प्रजातियां, बोर्नियन, सुमात्राण और तपनौली इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर (IUCN) की रेड लिस्ट में ‘अति संकटग्रस्त’ (Critically Endangered) श्रेणी में सूचीबद्ध हैं। ओरंगुटान के इस अवैध व्यापार और तस्करी के मामले की जांच ओडिशा की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) कर रही है।

अधिकारियों का कहना है कि इन जीवों के मूल स्थान को तय करना कानूनी और तकनीकी दृष्टि से बेहद जरूरी है। इसके लिए पांचों ओरंगुटान के डीएनए (DNA) सैंपल ‘ज़ूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया’ (ZSI) को भेजे जाएंगे ताकि उनकी सटीक प्रजाति का पता चल सके।

नंदनकानन ज़ू में ओरंगुटान की स्थिति और देखभाल

ओडिशा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) प्रेम कुमार झा ने बताया कि शुरुआती दिनों के तनाव के बाद अब ये पांचों ओरंगुटान नंदनकानन ज़ू में पूरी तरह स्वस्थ और स्थिर स्थिति में हैं। मैसूर चिड़ियाघर, भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII), राष्ट्रीय प्राणी उद्यान दिल्ली और सेंटर फॉर वाइल्डलाइफ हेल्थ भुवनेश्वर के विशेषज्ञों की एक तकनीकी समिति लगातार इनकी देखभाल पर सलाह दे रही है।

नंदनकानन प्राणी उद्यान के निदेशक सनथ कुमार एन. ने बताया कि जब इन जानवरों को ज़ू में लाया गया था, तब वे एनीमिया (खून की कमी) से पीड़ित थे और उनके पेट के कीड़ों की दवा देनी पड़ी थी। फिलहाल इन्हें ऐसे सेक्शन में रखा गया है जहाँ हाथ से पाले जाने वाले छोटे वन्यजीवों की 24 घंटे निगरानी की जाती है।

इनमें तीन नर और दो मादा ओरंगुटान हैं। इनमें से सबसे बड़े एक नर और एक मादा की उम्र लगभग डेढ़ साल है, जबकि बाकी तीन उनसे भी छोटे हैं।

यह भी पढ़ें: ‘यह हमलावर सेना की तरह तबाही मचा देंगे’, बिजनौर में तेंदुओं का बढ़ता खौफ, अधिकारियों ने जताई चिंता

एनसीआर की सीमा खत्म होने के पास ही उत्तर प्रदेश का बिजनौर जिला तेंदुओं की एक हिंसक सेना से जूझ रहा है। इसे वन अधिकारी चिंतित होकर हमलावर सेना कह रहे हैं। इलाके में तैनात एक वरिष्ठ वन अधिकारी ने कहा, “अगर इनकी बढ़ती आबादी पर लगाम नहीं लगाई गई, तो ये एक हमलावर सेना की तरह तबाही मचा देंगे। ये शहरों में घुसकर लोगों पर हमला करेंगे। इन्हें रोकना मुश्किल होगा।” पढ़िए पूरी खबर…