राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने केंद्र की मोदी सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली लोकतंत्र को बचाने के लिए। इस दौरान उन्होंने इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया।

अशोक गहलोत ने कहा कि 1978-79 में इंदिरा गांधी जब कांग्रेस प्रेसिडेंट थीं, तो ‘भारत बचाओ’ रैली हुई थी। इसके बाद पूरे देश में एक मैसेज गया था और जनता पार्टी सरकार को जाना पड़ा। इंदिरा गांधी की आंधी चली थी और कांग्रेस लोकसभा चुनाव भारी बहुमत से जीती।

गहलोत ने कहा कि मुझे वह दिन याद आ रहे हैं। उस समय रैली को ‘भारत बचाओ’ रैली कहा जाता था, जबकि आने वाली रैली का नाम ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली है। उन्होंने कहा कि देश के मौजूदा हालात को देखते हुए, जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर लोगों में बहुत गुस्सा है और गहरी चिंता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यूडिशियरी और जांच एजेंसियां दबाव में है। इलेक्शन कमीशन ऐसा बर्ताव कर रहा है जैसे वह NDA सरकार का कोई डिपार्टमेंट बन गया हो। इसलिए इस रैली की बहुत महत्व है। इसीलिए राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस या विपक्षी पार्टियों की रैली नहीं है, बल्कि यह देश बचाने की रैली है और इसमें सभी को आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने 13 करोड़ वोट काट दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे रहे हैं, वह भी गलत दे रहे हैं। वह लोग सुप्रीम कोर्ट को भी गुमराह करना चाहते हैं। गहलोत ने कहा कि मेरी आप सभी से अपील है कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचें।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

वहीं, 29 अक्टूबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर के छात्रों से इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर किया जाएगा। राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि वे पुलिस और लाठियों से न डरें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में इस तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी।

वायनाड के सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए लिखा, “पुलिस की चिंता मत कीजिए, लाठियों से मत डरिए। भाजपा में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत नहीं होगी। हमारे साथ मार्च में आइए। हम संविधान और देश की रक्षा के लिए साथ चलेंगे।”

राहुल गांधी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च’ का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि उन सभी लोगों का साझा विरोध होगा, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से परेशान हैं।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैं सभी छात्र संगठनों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ आएं, चाहे उनका किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ाव हो। अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर, आपकी अभिव्यक्ति, आपके विचारों और आपके सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो हमारे साथ जुड़िए। यह एक शानदार मार्च होगा और देश की आत्मा के लिए होगा। मैं आप सभी से वहां मिलने की उम्मीद करता हूं।”

2027 के पंजाब चुनाव का शंखनाद करेगी कांग्रेस, संगरूर में राहुल गांधी की इंसाफ रैली से साधेगी 40 विधानसभा सीटें

पंजाब में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच संगरूर में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की इंसाफ रैली की तैयारियां चल रही हैं। कांग्रेस पार्टी जिले और उसके आस-पास के करीब 40 विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है ताकि लोगों को इकट्ठा किया जा सके। संगरूर के पूर्व सांसद और कांग्रेस इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन विजय इंदर सिंगला ने यह जानकारी दी, जो शुक्रवार को पटियाला में थे। पढ़ें पूरी खबर।