त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 के बीच 3.4 लाख नियमित ट्रेन ट्रिप चलाने जा रहा है। पिछले साल इस अवधि में 3.3 लाख नियमित ट्रेन ट्रिप चलाई गई थीं। रेलवे ने 13 अक्टूबर तक 8454 स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने की घोषणा भी की है। इनका मकसद दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करना है।

रेल मंत्रालय के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यात्रा की व्यवस्था में नियमित ट्रेनों की अहम भूमिका रहेगी। पिछले साल के मुकाबले इस बार 16 हजार से ज्यादा अतिरिक्त नियमित ट्रेन ट्रिप निर्धारित की गई हैं। इनमें स्पेशल ट्रेनों को नियमित सेवा में शामिल करना और नई ट्रेनें शुरू करना भी शामिल है।

त्योहारी सीजन के दौरान रेलवे की उत्तर प्रदेश में 37 हजार से ज्यादा, बिहार में 31 हजार से अधिक और पश्चिम बंगाल में 27 हजार से ज्यादा नियमित ट्रेन ट्रिप चलाने की योजना है।

दुर्गा पूजा के लिए पश्चिम बंगाल में 49 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना

दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के आसपास के इलाकों के लिए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। ये ट्रेनें 13 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच शुरू की जानी हैं। इससे त्योहार के दौरान यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे।

ये ट्रेनें पश्चिम बंगाल के प्रमुख स्टेशनों और शहरों को जोड़ेंगी। इनमें हावड़ा, कोलकाता, सियालदह, संतरागाछी, शालीमार, मालदा टाउन और आसनसोल शामिल हैं। इसके अलावा, न्यू जलपाईगुड़ी और पूर्वी क्षेत्र के अन्य गंतव्यों के लिए भी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

पश्चिम बंगाल के लिए प्रस्तावित 49 स्पेशल ट्रेनों में से 27 ट्रेनें उत्तर रेलवे क्षेत्र से, 14 दक्षिण रेलवे क्षेत्र से और आठ पश्चिम रेलवे क्षेत्र से चलाने की योजना है।

बिहार और उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा स्पेशल ट्रेनें

राज्यों के हिसाब से देखें तो बिहार में सबसे ज्यादा 2,057 स्पेशल ट्रेन ट्रिप की घोषणा की गई है। इसके बाद उत्तर प्रदेश में 1056, दिल्ली में 975, महाराष्ट्र में 836 और पश्चिम बंगाल में 464 स्पेशल ट्रेन ट्रिप अधिसूचित की गई हैं।

रेलवे के मुताबिक, चुनिंदा रूटों और तारीखों पर नियमित ट्रेनों के अलावा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।

रेलवे ने यह भी कहा है कि यात्रियों की मांग और परिचालन संबंधी जरूरतों के आधार पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की घोषणा की जा सकती है।

नियमित ट्रेनों में भी बढ़ाए गए कोच

यात्रियों के लिए सीटों की उपलब्धता बढ़ाने के मकसद से रेलवे ने मौजूदा ट्रेनों में भी स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार 412 अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। इनमें 75 जनरल क्लास के कोच शामिल हैं।

दिसंबर से 3 महीने तक कई ट्रेनें रद्द, देखें पूरी लिस्ट

भारतीय रेलवे ने दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक सर्दियों में कोहरे के दौरान 13 ट्रेनों के संचालन में बदलाव की घोषणा की है। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के अनुसार, चार ट्रेनें पूरी तरह से रद्द रहेंगी, जबकि कई अन्य ट्रेनें चुनिंदा दिनों पर कम फेरों (ट्रिप्स) के साथ चलेंगी। दो ट्रेनें अपने रूट के कुछ हिस्सों पर आंशिक रूप से रद्द रहेंगी। एक बयान में, ज़ोनल रेलवे ने कहा कि आने वाले कोहरे के मौसम में संचालन संबंधी कारणों से ये बदलाव किए गए हैं। ट्रेनों के रद्द होने और फेरों में कटौती की तारीखें अलग-अलग हैं; ये बदलाव 1 दिसंबर से शुरू होकर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर…