भारतीय रेलवे ने 40 घंटे से ज्यादा लंबी यात्रा करने वाली 11 ट्रेनों की पहचान की है। इन ट्रेनों में सफाई और यात्री सुविधाओं की खास निगरानी की जाएगी। रेलवे का उद्देश्य है कि ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने के बाद भी पूरे सफर के दौरान यात्रियों को साफ-सुथरे कोच और बेहतर सेवाएं मिलती रहें।

रेलवे बोर्ड ने 3 अक्टूबर को जारी एक पत्र में संबंधित रेलवे जोन को इन ट्रेनों की यात्रा के दौरान साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। इस सूची में देश की लंबी दूरी की ट्रेनों में शामिल विवेक एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, अमरपाली एक्सप्रेस और झेलम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं।

क्यों की जा रही है इन ट्रेनों की खास निगरानी?

लंबी दूरी की ट्रेनें कई दिनों तक लगातार चलती हैं। ऐसे में सफर के दौरान कोच में कचरा जमा होना, शौचालय गंदे होना और छोटी-मोटी तकनीकी खराबियां यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकती हैं। रेलवे का जोर अब सिर्फ ट्रेन के शुरुआती स्टेशन पर सफाई करने के बजाय पूरे सफर के दौरान इसकी स्थिति बनाए रखने पर है।

रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोन को इन ट्रेनों की यात्रा के दौरान नियमित निगरानी करने को कहा है। अधिकारी सफाई व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, कचरा निपटान और यात्रियों से मिलने वाली शिकायतों पर नजर रखेंगे।

कौन-कौन सी 11 ट्रेनें शामिल हैं?

रेलवे बोर्ड ने जिन 11 ट्रेनों की पहचान की है, उनमें सबसे लंबी यात्रा विवेक एक्सप्रेस की है। यह ट्रेन करीब 4,158 किलोमीटर का सफर तय करती है और इसका रेक टर्नअराउंड टाइम 170 घंटे है।

क्रमांकट्रेनरूटदूरीटर्नअराउंड टाइम
1विवेक एक्सप्रेस (22503/04)डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी4,158 किमी170 घंटे
2अवध असम एक्सप्रेस (15909/10)डिब्रूगढ़–लालगढ़3,117 किमी148 घंटे
3आरकेएमपी–एजीटीएल एक्सप्रेस (01665/66)रानी कमलापति–अगरतला2,490 किमी121 घंटे
4एडीआई–एसएचसी एक्सप्रेस (19483/84)अहमदाबाद–सहरसा2,280 किमी115 घंटे
5डीएनआर–एसएमवीबी एक्सप्रेस (22365/66)दानापुर–एसएमवीबी2,684 किमी105 घंटे
6पुणे–एसओयू एक्सप्रेस (11401/02)पुणे–एसओयू1,998 किमी103 घंटे
7अमरपाली एक्सप्रेस (15707/08)कटिहार–अमृतसर1,808 किमी95 घंटे
8झेलम एक्सप्रेस (11077/78)पुणे–जम्मू तवी2,173 किमी94 घंटे
9आरजीडी–एलटीटी एक्सप्रेस (13201/02)राजगीर–लोकमान्य तिलक टर्मिनस1,793 किमी79 घंटे
10एचडब्ल्यूएच–वाईपीआर एक्सप्रेस (22831/32)हावड़ा–यशवंतपुर1,915 किमी71 घंटे
11एएसआर गरीब रथ एक्सप्रेस (12203/04)अमृतसर–सहरसा1,716 किमी66 घंटे

सफाई के साथ छोटी-मोटी मरम्मत पर भी जोर

रेलवे बोर्ड ने संबंधित जोन को इन ट्रेनों की निगरानी उनके सफर के दौरान करने का निर्देश दिया है। ट्रेन के मालिकाना हक वाले डिपो भी यात्रा के दौरान इसकी स्थिति पर नजर रखेंगे। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था और यात्रियों की शिकायतों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया है।

क्लीन ट्रेन स्टेशन (CTS) पॉइंट्स पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां सफाई के लिए पर्याप्त कर्मचारियों, उपकरणों और जरूरी सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके अलावा सफर के दौरान छोटी-मोटी खराबियों को भी जल्द ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। बायो-टॉयलेट की जांच में भी लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है। इनकी जांच मेंटेनेंस डिपो और रास्ते में निर्धारित स्थानों पर की जाएगी।

हर दो घंटे में होगा कचरा संग्रह

ट्रेनों में ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (OBHS) के तहत आमतौर पर हर दो घंटे में कोचों से कचरा इकट्ठा किया जाता है। रेलवे बोर्ड ने निर्देश दिया है कि एकत्र किए गए कचरे को निर्धारित डिस्पोजल पॉइंट पर ही पहुंचाया जाए। इसे रेलवे ट्रैक पर नहीं फेंका जाना चाहिए। इस व्यवस्था की भी निगरानी की जाएगी, ताकि लंबे सफर के दौरान ट्रेन के कोचों में कचरा जमा न हो और रेलवे ट्रैक पर भी गंदगी न फैले।

फोटो के जरिए भी होगी निगरानी

रेलवे इन ट्रेनों की सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए टाइम-स्टैंप वाली तस्वीरों का भी इस्तेमाल करेगा। चुनिंदा निरीक्षण केंद्रों के अलावा ट्रेन के शुरुआती और अंतिम स्टेशनों पर कोच और शौचालयों की तस्वीरें ली जाएंगी। इन तस्वीरों के जरिए सफर के अलग-अलग चरणों में ट्रेन की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति की तुलना की जा सकेगी।

यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर

रेलवे बोर्ड ने कहा है कि उद्देश्य सिर्फ ट्रेन के शुरुआती स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बेहतर करना नहीं है। यात्रियों को पूरे सफर के दौरान साफ-सफाई और बेहतर सेवाएं मिलनी चाहिए। बोर्ड ने OBHS कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण देने और यात्रियों के साथ सही व्यवहार व शिष्टाचार पर भी जोर दिया है।

कर्मचारियों को उन्हें सौंपे गए काम के साथ-साथ यात्रियों से बातचीत और व्यवहार के उचित तरीके की भी ट्रेनिंग देने की बात कही गई है। यानी अब रेलवे की नजर सिर्फ इस बात पर नहीं होगी कि ट्रेन कितनी साफ होकर चली, बल्कि इस पर भी होगी कि 40 से 170 घंटे तक के लंबे सफर में वह कितनी साफ और व्यवस्थित बनी रही।

यह भी पढ़ें: हवा में उड़ते समय अचानक 28000 फीट नीचे आ गई ब्रिटिश फ्लाइट, घोषित किया गया आपातकाल

ब्रिटेन की राजधानी लंदन से अमेरिका के शिकागो शहर जा रही एक ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट सोमवार को हवा में उड़ते समय 28000 फीट नीचे गिर गई। अचानक फ्लाइट के गिरने की इस घटना के बाद इमरजेंसी की घोषणा कर दी गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।