भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (NCR) ने दिल्ली-हावड़ा रेल कॉरिडोर के 69.5 किलोमीटर लंबे करछना-मिर्जापुर सेक्शन पर स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली ‘कवच 4.0’ को चालू कर दिया है।

इसके साथ ही नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के तहत कवच सिस्टम का नेटवर्क बढ़कर 785 रूट किलोमीटर (RKM) हो गया है। कवच 4.0 एक ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (ATP) सिस्टम है, जिसे भारतीय रेलवे ने ट्रेनों के संचालन को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए विकसित किया है।

कैसे काम करता है कवच 4.0?

यह सिस्टम ट्रेन की गति पर लगातार नजर रखता है और खतरे की स्थिति में अपने आप ब्रेक लगा सकता है। खासतौर पर सिग्नल पार करने में होने वाली गलती (SPAD), आमने-सामने की टक्कर और पीछे से होने वाली टक्कर जैसी घटनाओं को रोकने में यह मददगार है। इसके अलावा, यह तेज रफ्तार पर नियंत्रण रखने के साथ कम दृश्यता और खराब मौसम में भी ट्रेन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करता है।

SIL-4 सेफ्टी स्टैंडर्ड और स्वदेशी तकनीक से लैस है कवच सिस्टम

कवच सिस्टम को SIL-4 सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से सबसे उच्च स्तर माना जाता है। यह पूरी तरह स्वदेशी तकनीक है, इसलिए इसके इस्तेमाल से विदेशी तकनीक पर निर्भरता भी कम होती है।

कवच 4.0 में क्या हैं नए फीचर्स?

जुलाई 2020 में इसे भारतीय रेलवे की राष्ट्रीय ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन प्रणाली के रूप में अपनाया गया था। कवच 4.0 के नए वर्जन में कई अहम सुधार किए गए हैं। इसमें ट्रेन की लोकेशन का ज्यादा सटीक पता लगाने, बड़े रेलवे यार्ड में सिग्नल से जुड़ी बेहतर जानकारी देने और ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) के जरिए एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक बेहतर संचार की सुविधा शामिल है।

कवच सिस्टम लगाने में कितना आता है खर्च?

साथ ही, इसे मौजूदा इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से सीधे जोड़ा जा सकता है। रेलवे मंत्रालय के मुताबिक, ट्रैक और स्टेशन पर कवच से जुड़े उपकरण लगाने की लागत करीब 50 लाख रुपये प्रति किलोमीटर है, जबकि हर लोकोमोटिव में कवच उपकरण लगाने पर लगभग 80 लाख रुपये खर्च होते हैं।

रेलवे ट्रैक से लेकर इंजन तक, ऐसे लगाया जाता है कवच सिस्टम

इस सिस्टम को लागू करने के लिए रेलवे को कई स्तरों पर काम करना पड़ता है। इसके तहत हर स्टेशन और ब्लॉक सेक्शन में स्टेशन कवच उपकरण लगाए जाते हैं। पूरे ट्रैक पर RFID टैग लगाए जाते हैं, जबकि संबंधित रेल सेक्शन में टेलीकॉम टावर और ऑप्टिकल फाइबर केबल का नेटवर्क तैयार किया जाता है। इसके अलावा, भारतीय रेलवे में चलने वाले प्रत्येक लोकोमोटिव में भी लोको कवच उपकरण लगाना जरूरी होता है।

इन सभी व्यवस्थाओं के एक साथ काम करने से ट्रेन और रेलवे ट्रैक के बीच बेहतर तालमेल बनता है और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलती है। दिल्ली-हावड़ा जैसे व्यस्त रेल मार्ग पर कवच 4.0 की शुरुआत को रेलवे सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली एनसीआर में एयर क्वालिटी हुई ‘बहुत खराब’, लागू किया गया GRAP-II

दिल्ली एनसीआर में दीवाली और ठंड के आगमन से पहले ही एयर क्वालिटी खराब होनी शुरू हो गई है। इसके मद्देनजर सोमवार को पूरे दिल्ली एनसीआर में तत्काल प्रभाव से GRAP स्टेज II लागू कर दिया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।