Train Cancelled news: दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द कर दी हैं। भारतीय रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने का आदेश दिया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। हालांकि रेलवे ने प्रदर्शन को ट्रेनें रद्द करने की वजह नहीं बताया है।

रेलवे यात्रियों को ट्रेनें रद्द होने की जानकारी SMS के जरिए भेज रहा है। रेलवे के मुताबिक, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनें रद्द रहेंगी। यह आदेश उन ट्रेनों पर लागू होगा जो शुक्रवार दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली थीं और शनिवार सुबह तय समय के दौरान इन दोनों स्टेशनों पर पहुंचने वाली थीं।

जानें कौन-कौन सी ट्रेनें हुई कैंसिल

रद्द की गई ट्रेनों में 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, 12309 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस और 20801 मगध एक्सप्रेस शामिल हैं।

इनमें मगध एक्सप्रेस, तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और राजेंद्र नगर टर्मिनल (RJPB) से चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे ने यह कदम दोनों स्टेशनों के आसपास सड़क पर भारी जाम और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए उठाया है।

गाड़ी संख्या 12155 रानी कमलापति–हजरत निजामुद्दीन शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस को 09 अक्टूबर 2026 को कैंसिल करने का फैसला लिया गया है।

ट्रैफिक एडवाइजरी

रेलवे के अनुसार, खुफिया सूचनाओं और ट्रैफिक एडवाइजरी में 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक मध्य दिल्ली और दोनों प्रमुख रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी जाम की आशंका जताई गई है। रेलवे का कहना है कि इस कदम का मकसद यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में होने वाली परेशानी से बचाना है। हाल ही में नई दिल्ली स्टेशन पर जाम और रास्ते बंद होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाए थे और करीब 5000 यात्री प्लेटफॉर्म पर ही छूट गए थे। रेलवे ने इसी तरह की स्थिति दोबारा पैदा होने से रोकने के लिए एहतियातन यह फैसला लिया है।

रेलवे के कोचिंग निदेशालय ने अपने आदेश में कहा कि दोनों स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशनों से ही रद्द करने का फैसला किया गया है।

CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस सतर्क

दिल्ली पुलिस ने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर चेतावनी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, राजधानी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं। ऐसे में बिना अनुमति किसी भी तरह की भीड़ जुटाना गैरकानूनी माना जाएगा।

पुलिस उपायुक्त (DCP) सृष्टि पांडेय ने कहा कि प्रतिबंध लागू रहने तक जंतर-मंतर या दिल्ली में किसी अन्य स्थान पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन कर भीड़ जुटाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के बीच रेलवे का यह फैसला आया है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने ट्रेनों को रद्द करने के फैसले और इन प्रदर्शनों के बीच किसी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है।

40 मेट्रो स्टेशन हो सकते हैं बंद, ऐप-बेस्ड कैब पर पाबंदियां और 10 डिटेंशन सेंटर तैयार

जंतर-मंतर पर शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी- आइसा के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर जुटने वाली भीड़ से निपटने के लिए कई कड़े इंतजाम किए हैं। इनमें ऐप-बेस्ड टैक्सी पर रोक, डिटेंशन सेंटर और केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती जैसे उपाय शामिल हैं।

इन दो समूहों ने मिलकर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है और कई विपक्षी दलों के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है। दिल्ली पुलिस ने बीएनएसस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी है।