ब्रिटेन की राजधानी लंदन के पश्चिमी इलाके साउथॉल में भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। मृतक की पहचान गुरभेज सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गुरभेज सिंह पर नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास हमला किया गया। घटना में एक अन्य व्यक्ति, जिसकी उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है, वह भी घायल हुआ था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

दुकान के बाहर हुआ हमला

पुलिस को बुधवार तड़के लंदन एम्बुलेंस सर्विस से इलाके में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस और पैरामेडिक्स टीम को दो घायल शख्स मिले थे। गुरभेज सिंह को चाकू के गंभीर घाव लगे थे। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया।

जांच में सामने आया है कि रात करीब 12:30 बजे नॉर्थ रोड और डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन पर स्थित एक दुकान के बाहर उन पर हमला किया गया था।

सात लोगों को किया गया गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने हत्या के शक में 20 से 30 वर्ष की उम्र के बीच के सात लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि आगे की जांच के बाद छह लोगों को बिना किसी कार्रवाई के रिहा कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति को जमानत पर छोड़ा गया है। उसे बाद में दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस की स्पेशलिस्ट क्राइम कमांड की डिटेक्टिव चीफ इंस्पेक्टर एलिसन फॉक्सवेल ने कहा कि हत्या की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी के पास घटना स्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज है या घटना के समय वह इलाके में मौजूद था और अब तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है, तो वह आगे आए और जांच में सहयोग करे।

गुरभेज सिंह की मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को भारत भेजने, दस्तावेजी प्रक्रिया, परिवहन, अंतिम संस्कार और अन्य खर्चों के लिए ‘गो फंड मी’ पर एक फंडरेजर अभियान शुरू किया गया है। अब तक इस अभियान के तहत 737 लोगों के योगदान से 11,114 यूरो जुटाए जा चुके हैं, जबकि लक्ष्य 16,000 यूरो का रखा गया है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है।