भारतीय सेना की ईएमई कोर के एक सूबेदार पर आरोप है कि उसने कई आम लोगों से करीब 51.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। सितंबर में सूबेदार को दी गई चार्जशीट के मुताबिक, अब उसे जनरल कोर्ट मार्शल का सामना करना पड़ेगा।
यह जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) 671 EME बटालियन की 304 फील्ड वर्कशॉप कंपनी में सूबेदार क्लर्क (इन्वेंट्री मैनेजमेंट) के पद पर तैनात था। यह बटालियन 106 इन्फैंट्री ब्रिगेड मुख्यालय से जुड़ी हुई है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी जेसीओ पर धोखाधड़ी के 6 आरोप लगाए गए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सूबेदार पर सभी 6 आरोप आर्मी एक्ट की धारा 69 के तहत लगाए गए हैं। चार्जशीट के अनुसार, संबंधित अधिकारियों को इन कथित अपराधों की जानकारी 28 सितंबर 2024 को मिली थी। जब ये कथित अपराध हुए, उस समय यह सूबेदार 304 फील्ड वर्कशॉप कंपनी के टेक्निकल स्टोर सेक्शन में सेक्शन इन-चार्ज के पद पर तैनात था।
सूबेदार पर क्या आरोप हैं?
अप्रैल से मई 2023: फील्ड तैनाती के दौरान 3 लाख रुपये लिए।
मई 2023: गुवाहाटी में 15 लाख लिए रुपये।
अगस्त से दिसंबर 2023: 5.60 लाख रुपये लिए।
सितंबर से दिसंबर 2023: 10.13 लाख रुपये लिए।
अगस्त से सितंबर 2023: 3.50 लाख रुपये लिए।
दिसंबर 2023 से फरवरी 2024: 14.19 लाख रुपये लिए।
सेना के इस सूबेदार के खिलाफ जनरल कोर्ट मार्शल चलाने के निर्देश मेजर जनरल एनएस सोहल ने मंजूर कर दिए हैं। मेजर जनरल सोहल 71 इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग हैं।
पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल के दिनों में सेना में पैसों की गड़बड़ी के आरोपों से जुड़े कई कोर्ट मार्शल मामले सामने आ चुके हैं। अक्टूबर 2025 में गुरदासपुर के पास टिबरी मिलिट्री स्टेशन में एक जनरल कोर्ट मार्शल हुआ था।
इसमें आर्मी मेडिकल कोर के एक सूबेदार को 7 साल की कठोर कैद और नौकरी से बर्खास्त करने की सजा सुनाई गई थी। कोर्ट मार्शल ने उन्हें 6 आरोपों में दोषी पाया था। इनमें से 3 आरोप भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत थे, जो आय से अधिक संपत्ति से जुड़े थे। बाकी 3 आरोप आर्मी एक्ट की धारा 63 के तहत लगाए गए थे।
तलाशी के दौरान उनकी कार से 8 लाख रुपये और घर से 7.83 लाख रुपये बरामद हुए थे। बैंक खातों की जांच में भी बड़ी रकम जमा होने की बात सामने आई थी। अमृतसर के मिलिट्री अस्पताल में पोस्टिंग के दौरान उनके खाते में 27.11 लाख रुपये और उनकी पत्नी के खाते में 44.27 लाख रुपये जमा हुए थे।
उसी महीने की शुरुआत में, फतेहगढ़ में हुई जनरल कोर्ट मार्शल की सुनवाई में ‘आर्मी सर्विस कोर’ (ASC) के लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश गुप्ता को 2 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई गई और उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। उन्हें फर्जी लेन-देन (जिसमें सालों पहले जारी किए गए रेलवे कंसेशन वाउचर का गलत इस्तेमाल शामिल था) से जुड़े आर्मी एक्ट की धारा 52(f) के तहत 3 आरोपों में और अनुचित व्यवहार के 1 आरोप में दोषी ठहराया गया था।
जुलाई 2026 में, ‘आर्मी मेडिकल कोर’ (AMC) के एक मेजर जनरल को समरी जनरल कोर्ट मार्शल ने दोषी ठहराया। ये मेजर जनरल जम्मू के 166 मिलिट्री अस्पताल में कमांडेंट रह चुके थे। उन पर अगस्त 2018 से जनवरी 2020 के बीच करीब 11 करोड़ रुपये के मेडिकल सामान की खरीदारी और हेरफेर से जुड़ी गड़बड़ियों के 18 आरोप थे, जिनमें से 16 आरोपों में उन्हें दोषी पाया गया। सजा के तौर पर उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया और 1 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई गई।
अगस्त 2026 में, नगरोटा में हुई ‘समरी जनरल कोर्ट मार्शल’ की सुनवाई में ‘आर्मी मेडिकल कोर’ के लेफ्टिनेंट कर्नल डी माझी को दोषी पाया गया। यह मामला 2018-19 में उसी अस्पताल के लिए मेडिकल सामान की खरीद से जुड़ा था, जिसमें करीब 3 करोड़ रुपये की जरूरी रिक्वायरमेंट दिखाने का आरोप था। उन पर कुल 14 आरोप लगे थे, जिनमें से 5 आरोपों में उन्हें दोषी ठहराया गया। सजा के रूप में उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया और 1 साल की कड़ी कैद की सजा सुनाई गई।
यह भी पढ़ें: अस्पताल में कराना था इलाज, 3 साल तक गांव में पड़ा रहा… सेना के जवान को मिली यह कड़ी सजा
जवान पर तीन आरोप लगाए गए थे और उनमें से दो में उन्हें दोषी पाया गया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
