असम के जोरहाट जिले में शनिवार को इंडियन एयर फोर्स का परिवहन विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पांच जवान शहीद हो गए। 43 स्क्वाड्रन का यह AN-32 विमान रोवरिया क्षेत्र स्थित वायुसेना स्टेशन में उतर रहा था। इस विमान में सामान लदा था।
रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना का पता चलते ही एयर फोर्स के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पूरे वायुसेना स्टेशन को सील कर दिया गया है और किसी को यहां आने की अनुमति नहीं है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि इस दौरान जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और पूरा इलाका धुएं से भर गया।
इस दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीर वायु दानिश आलम शहीद हो गए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
दुर्घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘देश उनके साहस और सेवा को हमेशा याद रखेगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। दुख की इस घड़ी में देश मजबूती से उनके साथ खड़ा है।’
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में भारत का कितना नुकसान हुआ? एक साल बाद एयर मार्शल एके भारती ने बताया
ऑपरेशन सिंदूर के 1 साल पूरे हो चुके हैं। ऑपरेशन सिंदूर के 1 साल पूरे होने पर एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान भारत का कितना नुकसान हुआ। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि पाकिस्तानी पक्ष की ओर से हमारे किसी भी मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान नहीं हुआ। एके भारती ने कहा कि पाकिस्तान की ओर से जो भी निशाना लगाया गया, उसे हमने पहले ही खत्म कर दिया। पूरी खबर के लिए यहां पर करें क्लिक
