जम्मू-कश्मीर में हुए पहलगाम आतंकी हमले को गुरुवार को एक साल पूरे हो गए हैं। इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की गोली मार हत्या की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की बरसी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
एक्स पर पीएम मोदी ने लिखा, “आज उन मासूम जिंदगियों को याद कर रहा हूं, जिन्होंने पहलगाम के आतंकी हमले में अपनी जान गंवाई। उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। शोक संतप्त परिवारों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। एक राष्ट्र के रूप में हम हमेशा आतंकवाद के खिलाफ एकजुट खड़े हैं। हम यह संकल्प दोहराते हैं कि भारत कभी भी आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा और आतंकियों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।”
भारतीय सेना को पाकिस्तान को संदेश
पहलगाम आतंकी हमले की एक साल पूरा होने पर भारतीय सेना ने भी बिना नाम लिए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है। कहा गया कि भारत के खिलाफ किए गए हर कृत्य का जवाब जरूर दिया जाएगा, न्याय जरूर होगा। भारतीय सेना ने एक पोस्टर भी जारी किया है जिस पर लिखा है- Operation Sindoor Continues।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने एक बड़ा हमला किया था, जिसमें 26 भारतीय पर्यटकों को धर्म पूछकर मारा गया। इस कायराना हरकत का जवाब भारतीय सेना ने “ऑपरेशन सिंदूर” के जरिए दिया था। 6-7 मई की रात को एयरफोर्स ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी कैंपों को पूरी तरह तबाह कर दिया था।
भारत ने हवा और जमीन, दोनों मोर्चों से कार्रवाई की। तीन दिन तक चले संघर्ष के दौरान भारतीय वायु शक्ति और तीनों सेनाओं के बेहतरीन तालमेल की झलक देखने को मिली। पाकिस्तान की सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद पाकिस्तान के डीजीएमो ने भारतीय सेना से संपर्क साधा और सीजफायर की गुहार लगाई।
ये भी पढ़ें- विनय नरवाल के पिता का छलका दर्द
