India-Venezuela Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत–वेनेजुएला द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने और भविष्य में नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर सहमति जताई।

दोनों नेताओं में यह बातचीत ऐसे वक्त हुई है, जब निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को बंधक बनाए जाने के बाद वेनेजुएला और अमेरिका के संबंधों में तनाव चल रहा है।

अमेरिका ने 3 जनवरी, 2026 को वेनेजुएला की राजधानी काराकस में एक सैन्य ​अभियान चलाकर मादुरो को उनकी पत्नी के साथ बंधक बना लिया था। अमेरिकी सेना दोनों को लेकर न्यूयॉर्क आई थी, जहां वे कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, “मैंने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से बात की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा और विस्तारित करने पर सहमत हुए, और हमारा साझा लक्ष्य आने वाले वर्षों में भारत-वेनेजुएला संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।”

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, कृषि और जन-संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत-वेनेजुएला साझेदारी को और अधिक विस्तारित और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने एक-दूसरे के संपर्क में बने रहने पर भी सहमति जताई।

यह भी पढ़ें- फेड के नए अध्यक्ष का ऐलान, क्या ट्रंप के इस फैसले से डगमगाएगी दुनिया की अर्थव्यवस्था ?

कार्यवाहक राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी और रोड्रिगेज के बीच यह पहली बातचीत थी। रोड्रिगेज़ 5 जनवरी को वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति बनीं।

इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने 4 जनवरी को वेनेजुएला में चल रहे घटनाक्रम पर चिंता जताई थी। मंत्रालय ने कहा था कि भारत वहां की स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए है और वेनेजुएला के लोगों की सुरक्षा और समर्थन के लिए अपना समर्थन दोहराता है। इस दौरान, भारत ने सभी पक्षों से बातचीत के जरिए शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपील की थी। साथ ही बताया था कि कराकस स्थित भारतीय दूतावास भारतीय समुदाय के संपर्क में है और हर संभव मदद दी जा रही है।

यह भी पढ़ें- गाजा की रफा सीमा को फिर से खोलेगा इजरायल, दो साल से थी बंद