अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले हफ्ते भारत दौरे पर आ रहे हैं। इससे पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने गुरुवार को कहा कि रुबियो की मुंबई यात्रा का मुख्य फोकस कारोबार पर रहेगा। इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी मुंबई में मौजूद रहने की उम्मीद है। रुबियो 19 से 22 अक्टूबर के बीच मुंबई और गुजरात के जामनगर का दौरा कर सकते हैं। इससे पहले वह 17 से 19 अक्टूबर तक उज्बेकिस्तान में रहेंगे।

गुजरात के जामनगर दौरे के दौरान रुबियो रिलायंस के कुछ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम में एक संवाद सत्र के दौरान अमेरिकी राजदूत ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते को लेकर बातचीत बेहद तेज गति से आगे बढ़ रही है और इसके ‘बड़े मुद्दों पर सहमति बन चुकी है।’

बातचीत की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछे जाने पर सर्जियो गोर ने कहा, ”मैं इस स्टेज पर अभी बहुत ज्यादा जानकारी नहीं देना चाहूंगा। बेहतर होगा कि मंत्री ही इसकी घोषणा करें। लेकिन कुल मिलाकर, बड़े मुद्दों पर सहमति बन चुकी है।”

‘हम इस दिशा मे लगातार काम कर रहे’

उन्होंने कहा, ”हम इस दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। यहां आने के तीन हफ्ते के भीतर हमने एक व्यापार समझौते की घोषणा की थी। यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते में करीब 20 साल लग गए। ऐसे में हम बहुत तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। मुझे भरोसा है कि भारत के साथ भी व्यापार समझौता होगा। जैसा कि डॉ. जयशंकर ने कहा है, हम इसे अंतिम रूप देने के बेहद करीब हैं।”

अमेरिकी राजदूत ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच होने वाला व्यापार समझौता ‘काफी जटिल’ है। उन्होंने कहा कि कई छोटे देशों के साथ बातचीत में ऐसे ‘हजारों मुद्दों’ पर विचार नहीं करना पड़ता।

गोर ने कहा, ”1.4 अरब की आबादी वाला भारत एक जटिल देश है। इसलिए हर मुद्दे पर सहमति रातोंरात नहीं बन सकती। लेकिन व्यापक तस्वीर, पूरा ढांचा और बड़े मुद्दे तय हो चुके हैं।”

अमेरिका से संबंधों पर पीयूष गोयल ने क्या कहा?

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत के चीन और अमेरिका के साथ व्यापारिक रिश्तों को लेकर अहम बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत और चीन के बीच पहले कुछ मुद्दों पर चिंताएं थीं, लेकिन अब दोनों देशों के रिश्ते फिर से बेहतर करने की दिशा में काम किया जा रहा है।