भारत ने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर शोक जताया है। गुरुवार दोपहर भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री नई दिल्ली स्थित ईरान के दूतावास पहुंचे और वहां रखी गई श्रद्धांजलि पुस्तिका में भारत की तरफ से हस्ताक्षर किए और संवेदना व्यक्त की।

86 वर्षीय खामेनेई की 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका के संयुक्त सैन्य हमले में मृत्यु हो गयी। खामेनेई प्रमुख पदाधिकारियों के संग जिस इमारत में बैठक कर रहे थे, उस पर हमले में उनके समेत कई अन्य लोगों की मौत हो गयी। मरने वालों में ईरान के रक्षा मंत्री और आईआरजीसी के प्रमुख भी शामिल थे।

खामेनेई के साथ ही उनकी बहू, बेटी, नाती भी हमले में मारे गये। हमले में घायल खामेनेई की बीवी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। अयातुल्लाह अली खामेनेई की मृत्यु के बाद नए सुप्रीम लीडर की चयन प्रक्रिया जारी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अली खामेनेई के दूसरे बेटे मोज्तबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुन लिया गया है जिसका गुरुवार को ईरानी प्रतिनिधि ने खण्डन किया।

कौन थे अयातुल्ला अली खामेनेई?

अयातुल्ला अली खामेनेई ने साल 1989 से इस्लामी गणराज्य का नेतृत्व किया। ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला रुहोल्लाह खोमैनी की 1989 में मृत्यु के बाद खामेनेई ने सत्ता संभाला और इस्लामी गणराज्य को पूरी तरह से नया रूप दिया।

खामेनेई ने ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में दशकों तक धार्मिक सत्ता स्थापित करने और देश को एक क्षेत्रीय महाशक्ति बनाने का प्रयास किया।उनका ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर इजरायल और अमेरिका के साथ टकराव रहा तथा उन पर देश में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों को कुचलने के भी आरोप लगे। 

अयातुल्ला अली खामेनेई ने अर्द्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड को अपने शासन का सबसे महत्वपूर्ण आधार बनाया। धीरे धीरे रिवोल्यूशनरी गार्ड देश में प्रमुख सैन्य ताकत बन गया और बैलिस्टिक मिसाइल का शस्त्रागार का प्रमुख भी बन गया। हालांकि अपने परमाणु कार्यक्रमों को लेकर ईरान विश्व के देशों के निशाने पर आ गया, देश पर कई प्रतिबंध लगाए गए जिससे उसकी अर्थव्यवस्था डंवाडोल होती चली गई।

यह भी पढ़ें: ‘अभी तक सुप्रीम लीडर का चयन नहीं हुआ है’, ईरानी प्रतिनिधि ने किया स्पष्ट

ईरान के प्रतिनिधि ने कहा, “यह खबर सच नहीं है क्योंकि अभी तक किसी को चुना या नामित नहीं किया गया है और प्रक्रिया अभी जारी है। वह इस पद के उम्मीदवारों में से एक हैं। इस पद के लिए कई उम्मीदवार हैं और मोजतबा खामेनेई उनमें से एक हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।