Indian Tanker Gulf of Oman: पश्चिम एशिया संकट के बीच ओमान के तटीय क्षेत्र में मारिवेक्स नाम के तेल टैंकर में अचानक आग लग गई। इसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे। इसको लेकर भारत सरकार के जहाजरानी मंत्रालय की तरफ से आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इसमें कहा गया कि विदेशी झंडे वाले तेल टैंकर में दोपहर डेढ़ बजे के करीब आग लगी थी लेकिन इसमें सवार सभी नाविक सुरक्षित हैं।
मारिवेक्स नाम के जहाज में करीब 24 नाविक सवार है। यह घटना पश्चिम एशिया में नए सिरे से शुरू हुए हमलों के बीच हुई है, लेकिन राहत की बात यह रही कि मारिवेक्स होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र से काफी बाहर और ओमान की खाड़ी के दक्षिण में ओमान के पूर्वी तट के पास के पानी में था। इसलिए उसे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।
नहीं लदा था कोई माल
जहाजरानी मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर में कोई माल नहीं लदा था।
ओपेश शर्मा ने कहा कि जहाजरानी मंत्रालय घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए विदेश मंत्रालय और जहाज के मालिक के संपर्क में है तेल टैंकर की ताजा स्थिति को लेकर मरीनट्रैफिक के पोत ट्रैकिंग डेटा के अनुसार मारिवेक्स भारत के कारवार से ओमान के दुक्म की ओर जा रहा था।
इंजन रूम के पास हुआ विस्फोट
वहीं मीडिया रिपोर्ट्स बताती हैं कि तेल टैंकर में आग की ये घटना ओमान के तटीय क्षेत्र से करीब 15 समुद्री मील दूर हुई है। अचानक हुए जोरदार विस्फोट ने जहाज के इंजन रूम को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
विस्फोट के बाद जहाज में भीषण आग भड़क उठी, जिससे पूरे समुद्री क्षेत्र में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट से इंजन रूम में बड़ा छेद हो गया, जिस कारण जहाज का संतुलन बिगड़ गया।
गौरतलब है कि सोमवार को ही ईरान ने इजरायल पर कई बड़े हमले किए थे, और इजरायल के अहम ठिकानों को निशाना बनाया था, जिसके बाद इजरायल की तरफ से जवाबी कार्रवाई भी की गई। इसके चलते एक बार फिर पश्चिम एशिया में टकराव काफी ज्यादा बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें: ईरान के मिसाइल हमले के बाद इजरायल ने की जवाबी कार्रवाई, तेहरान समेत कई शहरों में धमाकों की खबर
ईरान के द्वारा किए गए मिसाइल हमलों का इजरायल की ओर से जोरदार जवाब दिया गया है। इजरायल का कहना है कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं जबकि तेहरान, तबरीज़ और इस्फ़हान में विस्फोटों की खबरें आई हैं। पढ़िए पूरी खबर…
