Pakistan-Afghanistan War: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच युद्ध चल रहा है, दोनों ओर से वार-पलटवार हो रहा है। हाल ही में पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में भीषण हमला किया था। इस भीषण हवाई हमले के बाद भारत ने अफगानिस्तान की मदद के लिए बड़ा कदम उठाया है। भारत ने शुक्रवार को 2.5 टन दवाइयों और मेडिकल उपकरणों की खेप काबुल भेजी, ताकि घायलों के इलाज और राहत कार्य में मदद हो सके।
दरअसल, भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि अफगानिस्तान को दी जा रही मदद की इस खेप में जरूरी दवाइयां, मेडिकल किट, उपकरण और अन्य स्वास्थ्य सामग्री शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि इस मुश्किल समय में भारत, अफगानिस्तान के लोगों के साथ खड़ा है और हर संभव मानवीय सहायता देता रहेगा।
भारत ने बताया था ‘अमानवीय’ हमला
इसके साथ ही भारत ने मंगलवार को अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में स्थित ओमिद ड्रग एडिक्शन ट्रीटमेंट हॉस्पिटल पर 16 मार्च की रात को पाकिस्तान द्वारा किए गए बम हमले की निंदा करते हुए इसे “बर्बर” और “अमानवीय” करार दिया था। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि यह पाकिस्तान की चाल चरित्र को दर्शाता है।
दूसरी ओर अफगानिस्तान के तालिबान प्रशासन ने नशा मुक्ति केंद्र पर हुए हमले को अफगान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन बताया और खुलासा किया कि इस बम विस्फोट में इलाज करा रहे लगभग 400 लोगों की मौत हो गई।
भारत ने कहा था संप्रुभता पर हमला
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा किया गया यह जघन्य आक्रमण अफगानिस्तान की संप्रभुता पर एक स्पष्ट हमला है और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए सीधा खतरा है। यह पाकिस्तान के लगातार लापरवाह व्यवहार और आंतरिक विफलताओं को सीमा पार हिंसा के बढ़ते हिंसक कृत्यों के माध्यम से छिपाने के बार-बार किए जाने वाले प्रयासों को दर्शाता है।
अमेरिका सैन्य अड्डे पर बनाया था तालिबान ने नशामुक्ति केंद्र
गौरतलब है कि जिस ओमिद नशा मुक्ति केंद्र पर पाकिस्तान ने हमला किया था, वह पूर्व अमेरिकी सैन्य अड्डा था। अगस्त 2021 में अशरफ घनी सरकार के अंत के बाद, तालिबान ने इस सैन्य अड्डे पर कब्जा कर लिया और इसे अफगानिस्तान के बड़ी संख्या में नशामुक्ति रोगियों के लिए एक बुनियादी देखभाल केंद्र में बदल दिया था।
यह भी पढ़ें: काबुल के अस्पताल पर भीषण बमबारी, 400 मौतों का दावा, तालिबान ने पाकिस्तान पर साधा निशाना

काबुल में सोमवार देर रात हुए एक भीषण हवाई हमले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। यह हमला एक ड्रग रिहैबिलिटेशन अस्पताल पर हुआ, जहां सैकड़ों मरीज इलाज करा रहे थे। मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोग और राहतकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे, तो हर तरफ मलबा, आग और चीख-पुकार का मंजर दिखाई दिया। पढ़िए पूरी खबर…
