विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को चीन को लद्दाख मामले पर करारा जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि चीनी पक्ष के इनकार करने से तथ्य नहीं बदल सकता। लद्दाख भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है।
चीन ने आज सुबह ही लद्दाख में 28 जगहों की पहचान सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शे पर मानक नाम देने पर आपत्ति जताई थी। इस पर भारत ने अब अपनी प्रतिक्रिया दी है।
तथ्य नहीं बदल सकता- विदेश मंत्रालय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हम फिर से दोहराते हैं कि लद्दाख केंद्रशासित प्रदेश भारत का एक अभिन्न और अविभाज्य अंग है। चीन के इनकार करने से यह तथ्य नहीं बदल सकता। जहां तक गृह मंत्रालय की उस प्रेस रिलीज की बात है जिसका जिक्र किया जा रहा है, तो वह स्पष्ट है।”
सरकार ने की है 28 जगहों की पहचान
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने आगे कहा, “प्रेस रिलीज में बताया गया है कि लद्दाख में मौजूद 28 जगहों/विशेषताओं की पहचान के लिए ‘सर्वे ऑफ इंडिया’ के आधिकारिक नक्शे पर मानक नामों के साथ की गई है और यह काम लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश और स्थानीय हितधारकों के साथ सलाह-मशविरे के बाद किया गया है।”
आगे कहा, ‘सर्वे ऑफ इंडिया’ के लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के नक्शे पर इन जगहों की औपचारिक रूप से पहचान करने का मकसद इनकी सही पहचान और आम जनता के बीच इनके बारे में बेहतर जानकारी को बढ़ावा देना है।”
चीन ने किया था अपना दावा
चीन ने लद्दाख में 28 जगहों की पहचान सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शे को मानकीकृत नाम देने के भारत के फैसला का विरोध किया और दावा किया कि यह उसका इलाका है।
चीन की राजधानी बीजिंग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा, “चीन ने भारत द्वारा एकतरफा और अवैध रूप से स्थापित तथाकथित लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश को कभी मान्यता नहीं दी है।”
माओ निंग ने आगे कहा, “भारत की ओर से तथाकथित मानक नामों की घोषणा का कड़ा विरोध करता है। यह कदम अवैध और अमान्य है और इस तथ्य को नहीं बदला जा सकता कि चीन-भारत सीमा के पश्चिमी क्षेत्र में संबंधित इलाके हमेशा से चीन के रहे हैं।”
2 अक्टूबर को भारत ने आधिकारिक भारतीय मैप पर लद्दाख में 28 स्थानों और भौगोलिक विशेषताओं की औपचारिक रूप से पहचान की, जिसमें LAC के साथ प्रमुख सीमा तनाव बिंदु जैसे कि गोगरा और हॉट स्प्रिंग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: अरब सागर में INS कोलकाता से टकराया पाकिस्तानी युद्धपोत PNS हुनैन, विदेश मंत्रालय ने दी सख्त चेतावनी
पश्चिमी अरब सागर में भारतीय युद्धपोत आईएनएस कोलकाता और पाकिस्तानी नौसेना के जहाज पीएनएस हुनैन के बीच हुई टक्कर के मामले में भारत ने कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पाकिस्तान के रवैये को गैर-पेशेवर, अमानक और उकसावे वाला करार दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
