भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर बातचीत जारी है। इस बीच समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक रिपोर्ट दी कि ट्रेड डील पर बातचीत रुक गई है। हालांकि इस रिपोर्ट को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और भारतीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने खारिज कर दिया है। सर्जियो गोर ने रॉयटर्स की रिपोर्ट को फेक और झूठा बताया।
रॉयटर्स ने एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत ने हाल की बातचीत में अमेरिका के साथ एक जल्दी होने वाले ट्रेड एग्रीमेंट को मना कर दिया है और भारत एक बेहतर डील का इंतज़ार कर रहा है। पीयूष गोयल ने X पर एक पोस्ट में कहा, “यह खबर पूरी तरह से झूठी, बेबुनियाद और गुमराह करने वाली है। जून में जब USTR जैमीसन ग्रीर, दिल्ली आए थे, तो मेरी उनके साथ शानदार मीटिंग हुई थीं।”
पीयूष गोयल ने क्या कहा?
पीयूष गोयल ने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने हाल की मीटिंग में एक ऐसे एग्रीमेंट पर पहुंचने के लिए अपना प्रतिबद्धता दोहराया जो संतुलित, फायदेमंद होगा। ये डील दोनों देशों के व्यापार, किसानों और उपभोगताओं को फायदे देगा। पीयूष गोयल ने कहा कि ट्रेड टीमें इस मकसद को पाने में पूरी तरह लगी हुई हैं।
सर्जियो गोर ने रिपोर्ट को बताया फेक न्यूज
सर्जियो गोर ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच मीटिंग सकारात्मक रही हैं। उन्होंने कहा कि वे सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। सर्जियो गोर ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “फेक न्यूज़ अलर्ट! किसी ने भी कुछ भी रिजेक्ट नहीं किया है। दोनों पक्षों ने बहुत सकारात्मक मीटिंग कीं और ट्रेड डील को फाइनल करने के अपनी प्रतिबद्धता को कन्फर्म किया। हम सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। रॉयटर्स – आप इससे बेहतर कर सकते हैं।”
रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कोई आम सहमति नहीं थी क्योंकि अमेरिका ने भारत की मुख्य मांगों पर भरोसा नहीं दिया। रिपोर्ट में एक भारतीय सरकारी अधिकारी का हवाला दिया गया है, जिसका नाम नहीं बताया गया। रिपोर्ट में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया कि भारत कई बार बातचीत में धीमा, ब्यूरोक्रेटिक और मुश्किल रहा है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कोई जल्द डील होने की संभावना नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय ट्रेड मिनिस्ट्री और यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव के कार्यालय ने कमेंट के लिए ईमेल की गई रिक्वेस्ट का जवाब नहीं दिया।
कॉमर्स सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल ने भी पहले कहा था कि भारत अमेरिका ट्रेड एग्रीमेंट को पूरा करने में ऐसी कोई रुकावट नहीं है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, जून 2026 के ट्रेड डेटा पर एक ब्रीफिंग के दौरान राजेश अग्रवाल ने कहा, “हमें इंडिया-US ट्रेड डील की बातचीत में कोई चुनौती नहीं दिख रही है। भारतीय टीम ने मई में अमेरिका का दौरा किया था, जबकि अमेरिकी टीम पिछले महीने इंडिया आई थी। बातचीत सही फ्रेमवर्क में चल रही है।”
यह भी पढ़ें: 2027 की शुरुआत में भारत दौरे पर आएंगे डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साल 2027 की शुरुआत में भारत दौरे पर आएंगे। इस बात की जानकारी हिंदुस्तान में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने IANS को दिए एक इंटरव्यू में दी। यहां पढ़ें पूरी खबर
