Robbery Case: महाराष्ट्र की चारकोप पुलिस स्टेशन की टीम ने बताया है कि जम्मू कश्मीर में भारत-पाकिस्तान सीमा से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों ही कांदिवली में 65 लाख रुपये के जेवरों की चोरी में शामिल थे। पुलिस ने बताया है कि उन्होंने सोने की चूड़ियां भी बरामद कर ली है। इन्हें कथित तौर पर पुंछ जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक संवेदनशील क्षेत्र में पहाड़ पर दफनाया गया था।

पुलिस का कहना है कि चोरी में तीन आरोपी थे दो गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन संदिग्ध अभी भी फरार है। गिरफ्तार आरोपी शफीर मोहम्मद राशिद चौधरी (27) और वकार अहमद नाजिर हुसैन (31) दोनों पुंछ जिले के निवासी हैं। एक संदिग्ध की तलाश जारी है और तीनों शिकायतकर्ता की कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे।

कंपनी से हुई थी चूड़ियों की चोरी

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, चोरी की शिकायत दर्ज कराने वाले अशोक वाया अपने परिवार के साथ रहते हैं और ‘श्रीजी मैन्युफैक्चर्स’ नामक एक फर्म चलाते हैं, यहां सोने के आभूषण बनाए जाते हैं और जिसका कार्यालय चारकोप औद्योगिक क्षेत्र में है। उन्होंने 14 मई को पुलिस से संपर्क किया और आरोप लगाया कि तीन व्यक्तियों ने उनकी कंपनी से सोने की चूड़ियाँ चुरा ली हैं।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी से 3,176 ग्राम सोने की चूड़ियाँ चोरी हो गई थीं, लेकिन आगे की जांच में पता चला कि वास्तव में चोरी हुए आभूषणों का वजन लगभग 864.28 ग्राम था। उनके बयान के आधार पर चारकोप पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज किया था।

पुलिस ने पता लगाई लोकेशन

पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और संदिग्धों के बारे में मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि आरोपियों ने चोरी करने के बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे और फरार हो गए थे। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पता जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित उनके पैतृक गांव में लगाया।

जम्मू-कश्मीर की लोकेशंस पता चलने के बाद दो पुलिस टीमें गठित कर जम्मू-कश्मीर भेजी गईं चूंकि आरोपी भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में छिपे हुए थे, इसलिए चारकोप पुलिस ने पुंछ की स्थानीय पुलिस की सहायता से तलाशी अभियान शुरू किया।

पुलिस ने बरामद किया जेवर

आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल किया कि वे सोने की चोरी में शामिल थे और उन्होंने मंडी तालुका के सुदूर गांव खेत में एक पहाड़ पर सोना दफना दिया था। स्थानीय पुलिस की मदद से चारकोप पुलिस ने 433 ग्राम वजन की 49 सोने की चूड़ियां बरामद कीं, जिनकी कीमत लगभग 65 लाख रुपये थी। गिरफ्तार आरोपियों को जम्मू-कश्मीर की स्थानीय अदालत में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड के बाद उन्हें मुंबई लाया गया।

यह भी पढ़ें: ‘ममता राज में रोज होती थी घुसपैठ’, अमित शाह बोले- अब खुद लौट रहे घुसपैठिए

गुजरात दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी को BSF को 600 हेक्टेयर जमीन सौंपने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पहले ममता बनर्जी के शासनकाल में हर दिन घुसपैठ होती थी लेकिन अब घुसपैठिए खुद ही वापस लौटने लगे हैं। पढ़िए पूरी खबर…