भारत ने बढ़ती मांग के बीच ऊर्जा क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए गैस का भंडार खोज निकाला है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान सागर में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कुएं से नेचुरल गैस को खोज निकाला है।

यह खोज श्री विजयापुरम कुआं नंबर 3 में की गई है, जो अंडमान आईलैंड से 15 किमी दूर और 355 मीटर गहरा है। कुएं में 1900 मीटर गहराई तक ड्रिल किया गया, इसके बाद नेचुरल गैस के होने के संकेत मिल हैं। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक्स पर इसे लेकर एक पोस्ट किया।

श्री विजयपुरम-3 कुएं में मिली गैस- हरदीप सिंह पुरी

हरदीप सिंह पुरी ने अपने पोस्ट में ऑयल इंडिया की खोज के लिए बधाई देते हुए लिखा, “बधाई हो ऑयल इंडिया लिमिटेड। अंडमान सागर में ऊर्जा के अवसरों का भंडार! यह बताते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है कि ‘ऑयल इंडिया लिमिटेड’ द्वारा अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से 15 किमी दूर, 355 मीटर की गहराई पर खोदे गए ‘श्री विजयपुरम-3’ (Sri Vijayapuram-3) नामक कुएं (exploratory well) में नेचुरल गैस मिली है। ‘इओसीन फॉर्मेशन’ (Eocene formation) में 1900 मीटर से अधिक की गहराई पर कुएं के शुरुआती प्रोडक्शन टेस्ट के दौरान लगातार फ्लेयरिंग (गैस जलाने की प्रक्रिया) से नेचुरल गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई है।”

बड़ी संख्या में और भी होगी खोज

आगे लिखा, “ऑयल इंडिया गैस के कंपोजिशन और कैलोरीफिक वैल्यू (ऊर्जा क्षमता) का पता लगाने के लिए उसकी सैंपलिंग कर रही है, साथ ही गैस की उत्पत्ति को समझने के लिए आइसोटोप स्टडी भी की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2025 पर घोषित ‘समुद्र मंथन मिशन’ (नेशनल डीप वॉटर एक्सप्लोरेशन मिशन) के तहत, हमारे हाइड्रोकार्बन भंडार का पूरा लाभ उठाने के लिए हमारे ऑफशोर बेसिन में बड़ी संख्या में डीप-वॉटर और अल्ट्रा डीप-वॉटर एक्सप्लोरेशन कुएं खोदने की योजना है।”

अन्य दो कुएं में भी मिले हाईड्रोकार्बन

हरदीप सिंह पुरी ने आगे बताया कि अन्य दो कुओं में भी हाईड्रोकार्बन की मौजूदी मिली है। उन्होंने लिखा, “अंडमान बेसिन में ऑयल इंडिया द्वारा मौजूदा एक्सप्लोरेशन अभियान के तहत खोदे गए 3 कुओं में से 2 कुओं में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी की सूचना मिली है। प्राकृतिक गैस की यह मौजूदगी हमें ग्लोबल डीप-वॉटर एक्सप्लोरेशन एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर अपने एक्सप्लोरेशन के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद करेगी और अमृत काल की भारत की यात्रा में एक अहम मील का पत्थर साबित होगी।”

यह भी पढ़ें: देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, लंबे संघर्ष की स्थिति में भी नहीं होगी दिक्कत: हरदीप सिंह पुरी

देश के पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को संसद में कहा कि ऊर्जा आपूर्ति के इतिहास में दुनिया में ऐसा समय कभी नहीं आया। उन्होंने लोकसभा में बोलते हुए कहा कि भारत की क्रूड ऑयल सप्लाई की स्थिति सुरक्षित है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें