INDIA Alliance Delhi Protest: विपक्षी इंडिया गठबंधन ने ऐलान किया है कि 12 अक्टूबर को वह दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ किया जाएगा।

दिल्ली में कई दिनों से ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहा है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन तब तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे जब तक चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं हो जाती। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

सीजेआई को सौंपेंगे ज्ञापन

वेणुगोपाल ने कहा, “हम हर उस भारतीय से अपील करते हैं जो भारतीय लोकतंत्र को बचाने को लेकर चिंतित है कि वे सोमवार को दिल्ली में होने वाले विरोध मार्च में हमारे साथ शामिल हों।” उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद, नेता, कार्यकर्ता और सभी नागरिक ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम के खिलाफ बड़ा विरोध मार्च निकालेंगे और हमारे वरिष्ठ नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया को ज्ञापन सौंपेगा। उन्होंने कहा, “ज्ञानेश को जाना ही होगा, हम पीछे नहीं हटेंगे।”

जंतर-मंतर पर एक्टिव रही पुलिस

शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था लेकिन दिल्ली पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहां तक नहीं पहुंचने दिया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने से पहले ही खदेड़ दिया और 6,000 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। प्रदर्शन के दौरान ही पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, आईसा अध्यक्ष नेहा बोरा साहित कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कुछ दिन पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियांका गांधी ने निर्वाचन आयोग जाने की मांग की थी लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया था। इसके बाद राहुल और प्रियंका ने आकाशवाणी भवन में धरना दिया था।

यह भी पढ़ें- ‘प्रदर्शनकारियों को हिरासत से छोड़ें नहीं तो…’

क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।