कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर चुनाव आयोग चला रहे हैं।

खड़गे ने ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम में सीईसी के खिलाफ प्रस्ताव रखते हुए कहा कि विपक्ष का ज्ञानेश कुमार से कोई निजी बैर नहीं है, बल्कि उसकी मांग है कि आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करे। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने सत्ता बरकरार रखने के लिए साजिश रची है और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

खड़गे ने कहा है कि विपक्ष देश के लोगों के मताधिकार तथा निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ रहा है। खड़गे ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी की जा रही है। ‘जन महाभियोग’ खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर हो रहा है।

‘राजनीतिक दलों को तोड़ा, सरकारों को गिराया’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “2014 से सत्ता हथियाने और उसे बनाए रखने के लिए हर मुमकिन साजिश रची गई है। इन्होंने सांसदों को चुराया है, राजनीतिक दलों को तोड़ा है, सरकारों को गिराया है और इलेक्टोरल बॉन्ड, ED तथा CBI का इस्तेमाल किया है और अब ये वोट चुरा रहे हैं।”

इससे पहले यह कार्यक्रम शुक्रवार को होना था लेकिन बारिश के चलते इसे रद्द कर दिया गया था। इंडिया गठबंधन ने कहा है कि वह मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के मुद्दे पर एकजुट है और वह संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए उसका आंदोलन जारी रहेगा। 

खड़गे ने वर्ष 2023 के मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति से संबंधित कानून का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इसे जबरन पारित कराया गया तथा इसी कानून के कारण ज्ञानेश कुमार कथित तौर पर वोट चोरी कर पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी पकड़े जाने के बाद मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू की गई।

चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता से समझौता नहीं होने देंगे

खड़गे ने इस बात पर जोर दिया कि विपक्ष जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत लगाएगा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होने देगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की स्वतंत्रता को प्रभावित कर रही है, जबकि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया पर जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है।

रामलीला मैदान में रविवार को होगी रैली

एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली के लिए कांग्रेस और विपक्षी दल जुटे हुए हैं। लोगों के ठहरने की व्यवस्था, रैली स्थल का प्रबंधन, साफ-सफाई और सोशल मीडिया प्रबंधन समेत विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए समितियां बनाई गई हैं।

इंडिया गठबंधन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों के विरोध ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह रैली निकाल रहा है। कांग्रेस ने कहा है कि रैली में 10 लाख लोग शामिल होंगे। इसमें दिल्ली-एनसीआर के अलावा कई राज्यों से भी लोगों के पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं को रामलीला मैदान तक लाने के लिए सैकड़ों बसों की व्यवस्था करने की भी योजना बनाई है।

यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार को हटना ही होगा’

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। डीएमके संसदीय दल की बैठक में ज्ञानेश कुमार को उनके पद से तत्काल हटाने की मांग से जुड़ा एक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।