विपक्षी इंडिया गठबंधन द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को बुलाए गए ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम को 31 अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बताया कि दिल्ली में हो रही बारिश के कारण यह फैसला लिया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास के बाहर इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने इस बात की जानकारी दी।
राहुल गांधी ने बताया कि बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कार्यक्रम को एक दिन के लिए स्थगित किया गया है।
राहुल ने बताया कि रविवार यानी 1 नवंबर को ‘चलो दिल्ली’ मार्च और रैली होगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “ये दोनों कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम के द्वारा लोकतंत्र को खत्म किए जाने के खिलाफ हैं।”
लोगों को दिल्ली आने से रोकने की कोशिश
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि गृह मंत्री लोगों को दिल्ली आने से रोकने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। राहुल ने कहा, “हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों को रोका जा रहा है। आप रामलीला मैदान में होने वाली घटनाओं को देखें तो आपको समझ आ जाएगा कि देश में क्या चल रहा है। लोगों में भारी गुस्सा और पीड़ा है क्योंकि लाखों लोगों को उनके वोट डालने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।”
राहुल गांधी ने कहा कि जो कोई भी संविधान की रक्षा करना चाहता है, वह इस मार्च और रैली में शामिल हो सकता है। टीएमसी के डेरेक ओ’ब्रायन ने कहा कि इंडिया गठबंधन इस लड़ाई में एकजुट है और मिलकर जीत हासिल करेगा।
खड़गे पेश करेंगे ‘महाभियोग प्रस्ताव’
सूत्रों के अनुसार, लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार इंडिया गठबंधन के ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। खड़गे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘महाभियोग प्रस्ताव’ पेश करेंगे जबकि प्रस्ताव पारित होने से पहले राहुल गांधी भी अपनी बात रखेंगे।
खड़गे और राहुल गांधी के अलावा इस ‘जन महाभियोग’ कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन की हर पार्टी से एक-एक प्रतिनिधि के बोलने की संभावना है। इससे पहले कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि वह चुनावी व्यवस्था को खत्म करने के बाद आम लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- ‘लाठियों से मत डरिए, भाजपा हिम्मत नहीं करेगी’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देशभर के छात्रों से इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर किया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
