मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी इंडिया गठबंधन के ‘जन महाभियोग’ का प्रस्ताव पारित होने के बाद विपक्ष रैली में दम दिखाने के लिए तैयार है। यह रैली रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी।

चुनाव प्रणाली में कथित अनियमितताओं के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित ‘दिल्ली चलो’ मार्च और रैली में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता शनिवार को ही दिल्ली पहुंच गए हैं।

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के बीच इंडिया गठबंधन का मार्च दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से शुरू होगा और रामलीला मैदान पहुंचेगा। इसके बाद इंडिया गठबंधन के नेता रैली को संबोधित करेंगे।

कॉकरोच जनता पार्टी ने दिया समर्थन

रैली में विपक्षी दलों के अलावा छात्र संगठनों और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों के भी बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है। इंडिया गठबंधन ने छात्रों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और सिविल सोसायटी के सदस्यों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और कुछ छात्र संगठनों ने रैली को समर्थन दिया है।

विपक्षी नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास से बसों में सवार होकर मार्च के शुरुआती स्थल तक पहुंचने की संभावना है। रैली को लेकर रामलीला मैदान में पिछले कुछ दिनों से इसे लेकर तैयारियां हो रही हैं। विपक्षी नेताओं के लिए बनाए गए मुख्य मंच के ऊपर विशाल तिरंगामयी शामियाना लगाया गया है, जबकि इंडिया गठबंधन की प्रदेश इकाइयों के प्रतिनिधियों के लिए दूसरा मंच तैयार किया गया है।

कुर्सियां एवं अन्य सामग्री लेकर ट्रक भी लगातार आयोजन स्थल पर पहुंच रहे हैं। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने रैली में 10 लाख तक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है जबकि दिल्ली पुलिस का अनुमान करीब 50,000 लोगों के जुटने का है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खाली होने की स्थिति में रामलीला मैदान में लगभग 45,000 से 50,000 लोग आ सकते हैं लेकिन कुर्सियां, घेरे और आवाजाही के लिए निर्धारित रास्ते बनाए जाने के बाद इसकी क्षमता घटकर करीब 30,000 से 40,000 रह जाएगी।

रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा, पुलिस मुस्तैद

विपक्षी गठबंधन के मार्च के मार्ग और रामलीला मैदान में सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की कंपनियों के साथ 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। रामलीला मैदान को 14 जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन की निगरानी सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी करेंगे। निगरानी के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन और पुलिसकर्मियों के शरीर पर लगाए जाने वाले कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा।

रामलीला मैदान के भीतर नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। रैली के मद्देनजर रविवार को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात संबंधी पाबंदियां रहेंगी। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि रामलीला मैदान में रैली की अनुमति दी गई है लेकिन मिंटो रोड-कनॉट प्लेस चौराहे से प्रस्तावित जुलूस के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

‘जन महाभियोग’ का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

इससे पहले, इंडिया गठबंधन ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जन महाभियोग’ का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया और उन्हें पद से हटाने तथा उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने राष्ट्रीय और राज्यों के चुनावों की चोरी करने के लिए बीजेपी द्वारा रची गई आपराधिक साजिश में भूमिका निभाई है और एसआईआर के जरिये करोड़ों मतदाताओं को उनके वोट डालने के अधिकार से वंचित किया है।

मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित ‘जन महाभियोग’ की कार्यवाही की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने की। खड़गे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के आरोपों वाला प्रस्ताव पेश किया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समापन भाषण दिया। इसके बाद प्रस्ताव को पारित किया गया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर देश की आत्मा पर हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में यह भी कहा कि विपक्ष इस मामले को न तो माफ करेगा और न ही भूलेगा।

मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप

विपक्ष का आरोप है कि वोटर लिस्ट के एसआईआर के जरिये बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिल चुके हैं और सुप्रीम कोर्ट का रुख भी किया है।

इस कार्यवाही में विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं, सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से प्रभावित होने का दावा करने वाले लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की कार्यवाही को संसदीय चर्चा की तर्ज पर आयोजित किया गया। इंडिया गठबंधन पिछले कुछ समय से कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा है।

कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, जयराम रमेश और के. सी. वेणुगोपाल के अलावा विपक्षी गठबंधन के कई नेता और सांसद मौजूद थे। इनमें सपा सांसद धर्मेंद्र यादव और तृणमूल कांग्रेस संसदीय दल के नेता डेरेक ओब्रायन भी शामिल थे। इस आयोजन के लिए आसन और सदस्यों के बैठने की जो व्यवस्था की गयी थी, वह पुराने संसद भवन के लोकसभा कक्ष से बहुत कुछ मिलती-जुलती थी।

यह भी पढ़ें- ‘मोदी और शाह के निर्देश पर चुनाव आयोग चला रहे ज्ञानेश कुमार…’

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि विपक्ष देश के लोगों के मताधिकार तथा निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ाई लड़ रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।