CEC Gyanesh Kumar News: INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने घोषणा की है कि 7 अक्टूबर को दिल्ली स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगा और एसआईआर के मुद्दे को भी उठाएगा।

कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह फैसला कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया।

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के महासचिव अनिल भारद्वाज ने कहा कि इन दलों ने एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ संयुक्त रूप से प्रदर्शन करने और इसे तत्काल वापस लेने की मांग करने का फैसला किया है।

अनिल भारद्वाज ने एक बयान में कहा, ”मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। यदि ऐसी कोई प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिससे संभावित रूप से मतदाताओं के नाम हट सकते हैं या उनके अधिकार प्रभावित हो सकते हैं, तो ‘इंडिया’ गठबंधन इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।”

विपक्षी दलों ने यह भी मांग की कि मतदाता सूची के एसआईआर की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए। भारद्वाज ने कहा कि सात अक्टूबर का प्रदर्शन दिल्ली के मतदाताओं के अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए संयुक्त प्रयास होगा।

INDIA गठबंधन लगातार सीईसी ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और चुनाव आयोग के फैसलों पर सवाल उठा रहा है।

यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुलेगा 20 साल पुराना केस

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोटर लिस्ट में एसआईआर में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल रखा है। ऐसे वक्त में केरल की वीडी सतीशन सरकार के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने उनके खिलाफ 20 साल पुराना, 2006 का केस खोल दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।