मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी पार्टियों ने भी मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को ‘इंडिया गठबंधन’ के नेता संसद भवन से लेकर निर्वाचन आयोग तक पैदल मार्च करेंगे। मार्च के लिए गठबंधन के नेता सुबह साढ़े दस बजे संसद परिसर में जुटेंगे और मकरद्वार से 11 बजे निर्वाचन आयोग तक पहुंच कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

इसके अलावा कांग्रेस पार्टी ने आने वाले दिनों के लिए राज्य स्तर पर बड़ा अभियान चलाने का फैसला लिया है। कांग्रेस का यह अभियान ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ नारे के तहत होगा।

सोमवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बैठक में कहा था कि ज्ञानेश कुमार के पद से हटने तक कांग्रेस पार्टी की यह मुहिम चलती रहेगी। एक नवंबर को विपक्षी गठबंधन की रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित होगी। रैलियों का यह सिलसिला केवल रामलीला मैदान तक नहीं होगा। इस मुहिम से कांग्रेस पार्टी ने देश भर में एक बड़ा अभियान खड़ा करने का फैसला लिया है।

नवंबर के आखिर तक चलेगा विरोध प्रदर्शन का सिलसिला

राहुल गांधी ने कहा कि सीईसी को लेकर सजग और सतर्क रहने की जरूरत है। बैठक के बाद पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल व जयराम रमेश ने बताया कि पार्टी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को रामलीला मैदान महारैली होगी। इसमें सभी विपक्षी पार्टियों को बुलाया जाएगा। आगामी 25 व 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश, राजस्थान हरियाणा से दिल्ली चलो यात्रा निकालने का भी निर्णय लिया है।

‘बूथ स्तर तक जाएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता’

जयराम रमेश ने कहा कि मतदाता सूची से करीब 13.50 करोड़ नाम अब तक देश में हटाए गए हैं। ये केवल आंकड़े नहीं हैं, ये चेहरे हैं। उन्होंने कहा कि ये समाज के अलग-अलग जाति धर्म के लोग हैं और हम इन्हें चेहरा देंगे। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जाएंगे। इसी प्रकार आठ नवंबर तक इंडिया गठबंधन की जिला स्तर पर बैठक होगी। एक माह के लिए 10 अक्तूबर से 20 अक्तूबर पर ब्लाक स्तर पर प्रदर्शन होंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता उन लोगों के घरों तक जाएंगे, जिनके नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

कांग्रेस ने दावा किया है कि वह इन नामों को वापस लाने का प्रयास करेंगे। इसके लिए राज्य स्तर एक विस्तृत सूची तैयार की गई है, अब तक ब्लाक स्तर की यह सूची छह से सात राज्यों की ओर से दी गई है।

वहीं केसी वेणुगोपाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग चिटिंग कमीशन आफ बन गया है। नियमों को बदला जा रहा है, जो कि पूरे देश को गुमराह करने वाली बात है। नाम कटने के बाद भी वह कुर्सी पर बैठे हैं, हम उन्हें ऐसा नहीं करने दे सकते।

इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की, बैठक में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: SIR पर गहराया विवाद: सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी से चुनाव आयोग की साख पर भी उठे सवाल | संपादकीय

भारतीय लोकतंत्र में चुनाव आयोग की भूमिका अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उसकी जिम्मेदारियों का मूल्यांकन मतदाता सूची तैयार करने से लेकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से मतदान सुनिश्चित कराने तक से किया जाता है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता को बनाए रखना बेहद जरूरी है। यहां पढ़ें पूरी खबर…