उत्तरी रेलवे ने दिल्ली से यात्रा करने वाले यात्रियों को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले स्टेशनों पर समय से काफी पहले पहुंचने की सलाह दी है। यह सलाह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की आवाजाही में बढ़ोत्तरी को देखते हुए जारी की गई है। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस पर सिक्योरिटी को देखते हुए दिल्ली के 5 प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग निलंबित कर दी गई है।

नॉर्थ रेलवे ने एक ट्रैवल एडवाइजरी में कहा है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले, 13 से 16 अगस्त तक दिल्ली क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा जांच तेज कर दी जाएगी। इन दिनों यात्रा करने वाले यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसके अनुसार ही बनाएं, स्टेशनों पर समय से पहले पहुंचें और सुरक्षाकर्मियों के साथ सहयोग करें। सहायता के लिए रेल सहायता हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करें।

दिल्ली के 5 रेलवे स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग सस्पेंड

इस बीच, स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा के चलते दिल्ली के पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 12 से 15 अगस्त, 2026 तक पार्सल बुकिंग और हैंडलिंग सेवाएं निलंबित रहेंगी। यह प्रतिबंध नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशनों पर लागू होगा। एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी के अनुसार, इस अवधि के दौरान इन पांच स्टेशनों पर सभी प्रकार के पार्सल ट्रांसपोर्ट पर रोक रहेगी। इसमें किराए पर ली गई द्वितीय श्रेणी की सामान ढोने वाली गाड़ियाँ, पार्सल वैन शामिल हैं। पार्सल गोदामों और प्लेटफार्मों को भी पैकेजों और पैकिंग सामग्री से मुक्त रखना होगा।

इस अवधि के दौरान, यात्रियों को केवल निजी सामान ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि, आवश्यक व्यावसायिक औपचारिकताओं और सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद पंजीकृत समाचार पत्र और पत्रिकाएं बुक की जा सकती हैं। अधिकारी ने कहा, “यह प्रतिबंध न केवल दिल्ली क्षेत्र से शुरू होने वाली ट्रेनों पर लागू होता है बल्कि अन्य रेलवे जोन और डिवीजनों से आने वाली उन ट्रेनों पर भी लागू होता है जो पार्सल लोड करने या अनलोड करने के लिए इन स्टेशनों पर रुकती हैं।”

गौरतलब है कि दिल्ली में 40 से अधिक रेलवे स्टेशन हैं जिनमें नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, दिल्ली सराय रोहिल्ला और दिल्ली सफदरजंग टर्मिनल शामिल हैं। शहर में दिल्ली कैंटोनमेंट, शकूर बस्ती, सब्जी मंडी और तिलक ब्रिज सहित कई छोटे और स्थानीय स्टेशन भी हैं।

स्वतंत्रता दिवस से पहले लाल किले पर कड़ी सुरक्षा

स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले लाल किले और आसपास के इलाकों में कई स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि 15 अगस्त के समारोह के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 15,000 से 20,000 जवानों को तैनात किए जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस भीड़ में संदिग्ध और वांछित लोगों की पहचान करने के लिए अभिज्ञान एप और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) जैसी उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करेगी। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें