मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के लिए बारिश का अनुमान जताया है। दिल्ली एनसीआर समेत देश के कई हिस्सों में बारिश हुई। वहीं मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी चेतवानी जारी की है। मौसम विभाग ने कहा कि किसानों को अपनी गेंहू की कटाई कुछ दिनों के लिए टाल देनी चाहिए। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की आशंका तो जताई ही है साथ में ओले गिरने की भी बात कही गई है।
आईएमडी ने कहा कि गुरुग्राम, मानेसर हांसी, महम, रोहतक और भिवानी सहित हरियाणा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान में भी हल्की बारिश और 20-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए औसत है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि सापेक्ष आर्द्रता 92 प्रतिशत और 37 प्रतिशत के बीच रही।
मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि आंधी तूफान के कारण फसल नष्ट होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए मजदूर खेतों में न जाएं और जानवरों को खुली जगह पर ले जाएं। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में बारिश और आंधी तूफान की गतिविधियां दिख सकती हैं और 26 मार्च तक जारी रह सकता है।
इसके अलावा में मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, वेस्टर्न यूपी और उत्तरी राजस्थान में ओले गिरने की संभावना जताई है। वहीं मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक गुरुवार को रात आठ बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) 147 (मध्यम श्रेणी) रहा। AQI शून्य और 50 के बीच अच्छा माना जाता है जबकि 51 और 100 के बीच संतोषजनक माना जाता है वहीं 101 और 200 के बीच मध्यम, 201 और 300 के बीच खराब, 301 और 400 के बीच बहुत खराब और 401 और 500 के बीच गंभीर माना जाता है।