भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 22 अप्रैल से लेकर 24 अप्रैल तक दिल्ली-एनसीआर में लू की संभावना जताते हुए, तीन दिनों के लिए पीली चेतावनी जारी की है। आईएमडी का कहना है कि इस दौरान गर्म सतही हवाओं की रफ्तार 20-30 किलोमीटर प्रतिघंटा तक जा सकती है और पारा 44 डिग्री तक जाने के आसार हैं। आईएमडी ने लोगों को घरों से बाहर निकलने के दौरान सिर व मुंह ढंकने, छाता व टोपी का प्रयोग करने के साथ ही खूब पानी पीने के लिए कहा है।

आईएमडी के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 41-43 के बीच व न्यूनतम तापमान 21-23 डिग्री के बीच रहने की संभावना जताई है। इस दौरान गर्म हवाओं की रफ्तार तेज रहेगी और दिल्ली के कई इलाकों में लू चलेगी। वहीं 23 अप्रैल को फिर तापमान में एक से दो डिग्री की वृद्धि होगी, जिससे अधिकतम तापमान 42-44 व न्यूनतम तापमान 22-24 के बीच रह सकता है।

24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42-44 के बीच रहने की संभावना है, लेकिन न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री का इजाफा हो सकता है, जोकि 23-25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार 21 अप्रैल को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 अधिक 38.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 कम 20.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रिज निगरानी केंद्र का दर्ज हुआ, जोकि 40.0 रहा। इसके अलावा आयानगर में 39.8 व मुंगेशपुर में 39.1 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सर्वाधिक राजघाट का 24.9 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि नजफगढ़ का 23.8, मुंगेशपुर का 22.4 व पालम का 22.2 डिग्री रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर एप के अनुसार, राजधानी की वायु गुणवत्ता मंगलवार को ‘मध्यम’ श्रेणी में 177 दर्ज की गई। जबकि 45 निगरानी केंद्रों में से अभी भी 11 में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।

‘दोपहर 12 से तीन बजे के बीच बाहर निकलने से बचें’

जिले में मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने लू से बचाव के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की अपील की है।

जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने लोगों को गर्मी से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। घर से बाहर निकलते समय छाता, टोपी या गमछा का उपयोग करें।

मरीजों की संख्या बढ़ी

चिलचिलाती धूप और तापमान लगातार बढ़ने के साथ ही न केवल जिला अस्पताल बल्कि ऑनलाइन ओपीडी में भी मरीजों की संख्या रिकॉर्ड तोड़ रही है। मंगलवार को सिरदर्द, चक्कर आना, बुखार, उल्टी, डायरिया के 526 मरीजों ने ऑनलाइन ओपीडी से परामर्श लिया। वहीं, जांच कराकर भी तकरीबन इतने ही मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श लिया। जिला अस्पताल में ऑनलाइन ओपीडी की वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर आद्या सिंह ने बताया कि ज्यादातर मरीज उल्टी, दस्त, बुखार, डायरिया और अन्य बीमारी के थे।