इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (IIIT), रांची के एक स्टूडेंट की मौत के मामले में शिक्षा मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। छात्र की मौत के बाद से ही कैंपस में हो रहे प्रदर्शन से शिक्षा मंत्रालय की नींद खुली और फिर इस मामले में एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई जो यह जांच करेगी कि कहीं छात्र की मौत के पीछे संस्थान की प्रशासनिक स्तर पर कोई लापरवाही तो नहीं थी।

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, हालात और उससे जुड़े मामलों की डिटेल में जांच करने के लिए इस कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी में डीयू की डायरेक्टर प्रोफेसर रजनी अब्बी को अध्यक्ष बनाया गया है जबकि इस कमेटी में एक सीनियर साइकेट्रिस्ट और शिक्षा मंत्रालय के एक सीनियर अधिकारी सदस्य के तौर पर शामिल हुए हैं।

कमेटी की जिम्मेदारियां

इस कमेटी को घटना के आस-पास के हालात की जांच करने और गाइडलाइंस को लागू करने का आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। खासकर इस कमेटी की जिम्मेदारी होगी कि बेसिक सुविधाओं की उपलब्धता और कामकाज, इंस्टीट्यूशनल सपोर्ट सिस्टम, काउंसलिंग और मेंटरिंग व्यवस्था और स्टूडेंट शिकायत निवारण सिस्टम का रिव्यू किया जाए।

यह कमेटी किसी भी सिस्टमिक कमी की पहचान करेगी और स्टूडेंट की भलाई को मजबूत करने और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने में मदद करने के लिए सही उपाय सुझाएगी। इसके अलावा यह कमेटी स्टेकहोल्डर्स के साथ बातचीत करेगी और जरूरत के हिसाब से संबंधित रिकॉर्ड और डॉक्यूमेंट्स की जांच करेगी।

क्या है मामला ?

बता दें कि यह मामला IIIT, रांची के फर्स्ट-ईयर के एक स्टूडेंट से जुड़ा है जिसने कथित तौर पर कैंपस में आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक, बिहार के भागलपुर का रहने वाला आदित्य कुमार कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) का छात्र था। आदित्य ने बीते शनिवार को कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। कथित रूप से आदित्य कुमार पिछले दो दिन से मानसिक तनाव में था। शनिवार रात करीब 8:30 बजे उसका रूम पार्टनर सक्षम बगल के कमरे में था, तभी आदित्य ने अंदर से कमरा बंद कर तौलिए के सहारे फांसी लगा ली।

इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि एडमिनिस्ट्रेशन इस बात की जांच करेगा कि क्या ऐसे कोई फैक्टर्स थे जिन पर ध्यान दिया जा सकता था, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने में मदद मिल सके। श्रीवास्तव के मुताबिक, आदित्य कुमार ने इसी साल अगस्त में संस्थान में दाखिला लिया था और अभी मिड सेमेस्टर एग्जाम दे रहा था।

दरवाजा तोड़कर आदित्य के शव को निकाला गया बाहर

घटना की जानकारी देते हुए डायरेक्टर ने कहा कि इंस्टीट्यूट को पिछली रात कैंपस में बिजली जाने की जानकारी मिली थी। उस दौरान, स्टूडेंट ने कथित तौर पर अपना कमरा अंदर से बंद कर लिया और फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। श्रीवास्तव ने कहा, “इसके बाद उसके साथी स्टूडेंट्स ने दरवाजा तोड़ा और उसे बाहर निकाला।” उन्होंने आगे कहा कि कैंपस में खड़ी एक एम्बुलेंस ने स्टूडेंट को कुछ ही मिनटों में हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।