गूगल क्लाउड के भारतीय मूल के सीईओ थॉमस कुरियन की कुल संपत्ति पिचाई और नडेला की कुल संपत्ति से भी ज्यादा है। लिस्ट के मुताबिक कुरियन की कुल संपत्ति 10,600 करोड़ रुपए है। वहीं गूगल सीईओ सुंदर पिचाई की संपत्ति 3,300 करोड़ रुपए और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला की कुल संपत्ति 5,100 करोड़ रुपए है। यानि कि कुरियन की कुल संपत्ति पिचाई और नडेला की कुल संपत्ति से भी ज्यादा है।
वहीं भारतीय मूल की जयश्री उल्लाल जो कि यूएस आधारित क्लाउड नेटवर्किंग कंपनी Arista Networks की प्रेसिडेंट और सीईओ हैं उनकी कुल संपत्ति 9,800 करोड़ रुपए हैं। उनकी संपत्ति भी पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट सीईओ से ज्यादा है। Arista Networks से पहले वह कई दिग्गज कंपनियों की सीईओ रह चुकी हैं। 2018 में फोर्ब्स ने अमेरिका की स्वनिर्मित सबसे अमीर महिलाओं की सूची जारी की थी। इसमें उल्लाल को अमेरिका की 60 ‘सेल्फमेड’ अमीर महिलाओं की सूची में स्थान हासिल किया गया था।
वहीं पालो अल्टो नेटवर्क के सीईओ बनने के बाद भारतीय मूल के निकेश अरोड़ा टेक्नोलॉजी की दुनिया में सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले लोगों में शामिल हैं। टेक्नोलॉजी सेक्टर में निकेश अरोड़ा का लंबा करियर रहा है। भारत में जन्मे अरोड़ा 2014 में जापान के सॉफ्टबैंक ग्रुप से जुड़े थे। इसके बाद वह पिछले साल पालो अल्टो नेटवर्क से जुड़े। कंपनी से उन्हें 8.5 अरब का पैकेज दिया जा रहा है। उनकी कुल संपत्ति 6,000 करोड़ रुपए है।
मास्टर कार्ड के सीईओ अजय बांगा की कुल संपति 5,200 करोड़ रुपए है। वह 2009 में मास्टर कार्ड से जुड़े थे। दिल्ली यूनिवर्सिटी और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अहमदाबाद से पढ़ाई करने वाले बांगा ने सिटीबैंक, नेस्टले और पेप्सिको में भी काम किया है। उन्होंने 1981 में नेस्टले के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी।
भारतीय-अमेरिकी शांतनु नारायण एडोब के सीईओ हैं। उनकी कुल संपत्ति 4,500 करोड़ रुपए है। हैदराबाद में जन्मे नारायण ने इंजीनियरिंग की है। इसके साथ ही उनके पास कम्प्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री है। इसके साथ ही उन्होंने एमबीए भी की है। वहीं 2018 की ‘फॉर्च्यून बिजनेस पर्सन ऑफ द इयर’ सूची में भी उनको शामिल किया गया था। नारायण को सूची में 12वां स्थान दिया गया था। पेप्सिको की पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी इंदिरा नूई को मोस्ट पॉवरफुल बिजनेस एग्जीक्यूटिव के तौर पर जाना जाता है। उनकी कुल संपत्ति 3,200 करोड़ रुपए है। साल 2006 में पेप्सिको की सीईओ बनीं इंदिरा नुई पिछले साल इस पद से मुक्त हो चुकी हैं।
देश भर में डी मार्ट स्टोर चलाने वाली कंपनी के सीईओ इग्नेशियस नेविल नोरोन्हा रिचेस्ट इंडियन सीईओ में शुमार हैं। उनकी कुल संपत्ति 2,200 करोड़ रुपए है। 44 वर्षीय नोरोन्हा 2006 से एवन्यू सुपरमार्ट्स के सीईओ हैं।