Uttarakhand News: उत्तराखंड की महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के पति, गिरधारी लाल साहू ने शुक्रवार को उन पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जुटाने का आरोप लगाया। इससे एक दिन पहले ही, भाजपा नेता रेखा आर्या ने साहू पर मारपीट, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
एक वीडियो में साहू ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आर्या के खिलाफ लगे आरोपों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने इस कथित भ्रष्टाचार की जांच किसी उचित एजेंसी से कराने को कहा, लेकिन अपने दावों के समर्थन में कोई दस्तावेजी सबूत पेश नहीं किए। उन्होंने बस इतना कहा कि वे जल्द ही इसके बारे में विस्तार से बताएंगे।
उन्होंने आर्या की ओर से साझा किए गए एक ऑडियो-रिकॉर्डिंग को भी खारिज कर दिया, जिसमें उनकी हत्या की साजिश रचने का दावा किया गया था। साहू ने इसे फर्जी, एआई से बनाई गई और मनगढ़ंत बताया। आर्या ने गुरुवार को देहरादून के कैंट पुलिस थाने में साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
रिकॉर्डिंग का मकसद परिवार के भीतर कलह पैदा करना- साहू
साहू ने दावा किया कि इस रिकॉर्डिंग का मकसद परिवार के भीतर कलह पैदा करना था। उन्होंने मंत्री से एफआईआर वापस लेने और अपने बयान वापस लेने की अपील की। उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। साहू ने आर्या पर आरोप लगाया कि सार्वजनिक पद मिलने के बाद वे अहंकारी हो गई हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 17 सालों तक उन्होंने ही आर्या के चुनाव प्रचार को संभाला और उनके लिए वोट मांगे थे।
जिंदगी में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं- साहू
एक कार के अंदर शूट किए गए वीडियो में साहू ने कहा, “आप इस भरोसे में घमंड कर रही हैं कि आप जीवन भर मंत्री या जनप्रतिनिधि बनी रहेंगी। लेकिन जिंदगी ऐसे नहीं चलती, इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। आज आप सत्ता में हैं, लेकिन आप उन दिनों को भूल गई हैं जब मैंने आपको उस मुकाम तक पहुंचने में मदद की थी, जहां आप आज हैं।”
साहू ने दावा किया कि आर्या के आगे बढ़ने में उनकी क्या भूमिका थी, यह पूरे उत्तराखंड में लोग जानते हैं। उन्होंने आर्या को चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आपने अपना बयान वापस नहीं लिया, तो भोले बाबा आपसे हर एक बात का हिसाब लेंगे।”
आर्या ने साहू पर लगाए थे आरोप
गुरुवार को आर्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था जिसमें उन्होंने साहू पर मारपीट और उत्पीड़न का आरोप लगाया था, साथ ही जाति आधारित अपशब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की तीन धाराओं सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
15 अक्टूबर की शिकायत में आर्य ने आरोप लगाया कि साहू ने अपनी पिछली शादी को उनसे छिपाया, उन पर हमला किया और उन्हें धमकी दी और कुछ कंपनियों में निदेशक पदों से उन्हें हटाने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। उन्होंने एक ऑडियो-रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया, जिसमें उन्हें संदेह है कि साहू और एक अन्य महिला के बीच उनकी हत्या की साजिश के बारे में बातचीत है।
कांग्रेस ने जांच की मांग की
कांग्रेस ने निष्पक्ष जांच की मांग की है और मंत्री को बचाने के लिए उठाए गए कदमों को लेकर मुख्यमंत्री धामी से सवाल किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दासौनी ने इस मामले को बेहद चिंताजनक बताया और मामले की निष्पक्ष जांच और ऑडियो रिकॉर्डिंग की फोरेंसिक जांच की मांग की।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ दर्ज कराई FIR
उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण और बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने गिरधारी लाल साहू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
