West Bengal News: आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल विधानसभा में रेजिनगर से वापसी का रास्ता सुझाया है। 2026 के चुनावों में मुर्शिदाबाद जिले की नौदा और रेजिनगर दोनों विधानसभा सीटों से जीत हासिल करने वाले हुमायूं कबीर ने कहा कि वह रेजिनगर सीट छोड़ने और आगामी उपचुनाव के माध्यम से ममता बनर्जी की विधानसभा में वापसी में मदद करने के लिए तैयार हैं।

पीटीआई के अनुसार, हुमायूं कबीर ने कहा, “अगर ममता बनर्जी मेरे पास आती हैं, तो मैं उन्हें रेजिनगर से विधानसभा भेज सकता हूं। अगर वह नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं, तो वह नहीं जीतेंगी। लेकिन अगर वह चाहें, तो मैं इस्तीफा दे दूंगा और अपने निर्वाचन क्षेत्र से उनकी जीत सुनिश्चित करूंगा।”

आज मैं जो कुछ भी हूं, उन्हीं की वजह से हूं- हुमायूं कबीर

टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा कि वह अपने राजनीतिक उत्थान में बनर्जी द्वारा निभाई गई भूमिका के प्रति सचेत हैं। उन्होंने कहा, “आज वह जिस स्थिति में है, उससे मुझे बहुत दुख होता है। आज मैं जो कुछ भी हूं, उन्हीं की वजह से हूं।”

साथ ही, कबीर ने समर्थन की पेशकश करते हुए क्षेत्र में अपने राजनीतिक प्रभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि अब कोई उनकी बात न सुने, लेकिन रेजिनगर में हुमायूं कबीर की बात ही अंतिम मानी जाती है।”

टीएमसी के वर्तमान में दो गुटों में बंटे होने पर एजेयूपी प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर ने कहा, “ऐसा होना ही था। मैं पिछले छह महीनों से यही कहता आ रहा हूं। टीएमसी सुप्रीमो सिस्टम से चल रही पार्टी में ममता बनर्जी के भतीजे द्वारा विधायकों को टिकट देने और पद देने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे पैसे को हड़पने का अपराध है और मैंने ममता बनर्जी से बार-बार यही कहा है।”

विधायक हुमायूं कबीर ने कहा, “भाजपा का लक्ष्य पश्चिम बंगाल में टीएमसी को खत्म करना है। वे प्लान बी पर काम कर रहे हैं। उन्होंने प्लान बी में ऋतव्रत बनर्जी का साथ दिया है। सब कुछ खत्म हो जाएगा।”

यह भी पढ़ें: अग्निमित्रा पॉल ने हुमायूं कबीर को दी थी चेतावनी

पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार द्वारा पशु वध को लेकर लागू किए गए नियमों पर हुमायूं कबीर ने गुरुवार को विवादित बयान दिया था। अब शुभेंदु सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने हुमायूं कबीर से कहा है कि अगर वो नियम नहीं मानना चाहते हैं तो दुनिया के किसी भी इस्लामिक मुल्क में जा सकते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…