2020 Delhi Riots Case: कांग्रेस पार्टी के लोकसभा सांसद इमरान मसूद ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को उनके धर्म की वजह से निशाना बनाया जा रहा है। इसके बाद राजनीतिक घमासान मच गया है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “देखिए जो सबूत इकट्ठा किए, क्या हुआ क्या नहीं क्योंकि ये कोर्ट का मामला है मैं नहीं कहता हूं। लेकिन उसका नाम ताहिर है, ये बड़ी चीज है। अगर उसका नाम कपिल होता तो वो भी बरी हो जाता।”
बीजेपी ने दी तीखी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सवाल उठाया कि क्या इमरान मसूद का बयान कांग्रेस नेतृत्व के रुख को दिखाता है। कांग्रेस पर हमला करते हुए भाटिया ने कहा, “इमरान मसूद ने यह भी कहा कि ताहिर हुसैन को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह मुस्लिम हैं। क्या यह बयान राहुल गांधी के कहने पर दिया गया था? क्या राहुल गांधी ने इमरान मसूद से माफी मांगने के लिए कहा?”
ताहिर हुसैन को कोर्ट ने ठहराया दोषी
बता दें कि आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में ताहिर हुसैन को कोर्ट ने दोषी ठहराया है। शर्मा की हत्या साल 2020 में उत्तर पूर्वी दिल्ली के दंगों के दौरान हुई थी। कड़कड़डूमा कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रवीण सिंह ने फैसला सुनाते हुए हुसैन को आईपीसी की धाराओं 302 (हत्या), 153A, 147, 148, 149, 365 और 188 के तहत दोषी ठहराया।
इस मामले में चार अन्य आरोपियों नाजिम, कासिम, जावेद और अनस को भी दोषी ठहराया गया है। वहीं अन्य छह को बरी कर दिया गया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, शर्मा 25 फरवरी, 2020 को घर से किराने का सामान खरीदने निकले थे और लापता हो गए थे। बाद में उनका शव चांद बाग पुलिया के पास एक नाले से बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें: ‘ताहिर हुसैन आम आदमी पार्टी में अरविंद केजरीवाल का दाहिना हाथ था’, बीजेपी बोली- तब मिट्टी का तेल लेकर चल रहे थे AAP चीफ
आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए जाने के बाद बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को कहा, “ताहिर हुसैन वो गुंडा है, जो आम आदमी पार्टी में अरविंद केजरीवाल का दाहिना हाथ था।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
