Ketan Agarwal Murder Case: महाराष्ट्र के लोनावला ग्रामीण इलाके में केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उनके पिता विशाल अग्रवाल ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात कर बेटे के लिए न्याय की मांग की।
विशाल अग्रवाल ने कहा, “मैंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि आरोपी को कम से कम मौत की सजा दी जाए। मुख्यमंत्री ने मुझे आश्वासन दिया है कि इस मामले की सुनवाई में तेजी लाई जाएगी। मुझे बताया गया है कि इस मामले में एक एसआईटी का गठन किया गया है।” उन्होंने आगे कहा, “हमने उन्हें (सिया गोयल के परिवार को) स्पष्ट कर दिया था कि केतन अपने सिर पर विग का एक छोटा सा टुकड़ा लगाता था। क्या यह किसी की हत्या का कारण हो सकता है?”
पुलिस अधिकारी ने क्या बताया?
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की कथित हत्या की जांच में पता चला है कि सह-आरोपी चेतन चौधरी ने कथित तौर पर अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल को उन्हें खत्म करने के लिए उकसाया था। अधिकारी ने कहा, “दोनों आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि चौधरी ने ही सिया गोयल को लोहागढ़ किले में अग्रवाल की हत्या करने के लिए उकसाया था।”
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जांच के तहत गोयल के भाई से भी पूछताछ की। जांच में उन रिपोर्टों पर भी गौर किया गया है जिनमें कहा गया है कि सिया अग्रवाल को इसलिए नापसंद करती थी क्योंकि वह विग पहनता था।
मुख्यमंत्री ने जाहिर किया दुख
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने केतन अग्रवाल की हत्या पर दुख जाहिर किया और कहा कि समाज को इस बात पर विचार करना चाहिए कि किस प्रकार का वातावरण बनाया जाना चाहिए ताकि बच्चों में इस तरह के क्रूर विचार विकसित न हों। इस घटना पर पत्रकारों से बात करते हुए फड़नवीस ने कहा, “यह एक बेहद चौंकाने वाली घटना है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह ऐसी घटना है जो हमें, एक समाज के रूप में, गंभीरता से सोचने पर मजबूर करती है। शिक्षित और संपन्न परिवारों के बच्चे ऐसी द्वेषपूर्ण और विनाशकारी सोच क्यों विकसित करते हैं? इस मानसिकता के पीछे क्या कारण हैं? हमें इस पर गहराई से विचार करने की आवश्यकता है।”
वहीं सीएमओ ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “हम यह पक्का करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि इस मामले में दोषियों को सबसे कड़ी सज़ा मिले। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
सीएमओ ने आगे लिखा, “इस मामले में फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की उनकी मांग को भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत मान लिया और कानून एवं न्याय विभाग के सचिव को इस बारे में निर्देश जारी किए। सीनियर वकील उज्ज्वल निकम ने भी इस मामले में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर काम करने के लिए अपनी सहमति दे दी है।”
यह भी पढ़ें: केतन की मां ने सिया को बताया ‘खुशमिजाज’, चेतन के पड़ोसी बोले- वो क्रिकेट का शौकीन
पुणे के केतन अग्रवाल केस में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में आरोपी- केतन की मंगेतर सिया गोयल और सिया का दोस्त चेतन चौधरी- घटना के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार बता रहे हैं। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
