अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को लगे झटके के बाद भारत में भी सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने अमेरिकी चुनाव के नतीजों को लेकर भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा है। वहीं सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने भी ट्रंप की पार्टी की हार को दुनिया भर में मजबूत नेता और तानाशाही राजनीति के खिलाफ बदलते जनमत से जोड़ते हुए प्रतिक्रिया दी है।
अभिजीत दीपके ने ट्रंप की पार्टी को चुनाव में लगे झटके पर चुटकी लेते हुए कहा, ”ज्ञानेश कुमार ट्रंप के साथ ऐसा कभी नहीं होने देते।” दीपके के इस बयान को चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है। वह इशारों में कहना चाहते हैं कि अगर अमेरिकी चुनाव की जिम्मेदारी ज्ञानेश कुमार के पास होती तो ट्रंप को इस तरह चुनावी झटका नहीं लगता।
याद दिला दें कि अभिजीत दीपके और उनके साथी भारत में चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग बीजेपी को चुनावी फायदा पहुंचाता है। हालांकि ये उनके राजनीतिक आरोप हैं।
दीपके के इस तंज के बीच सौरव दास ने भी अमेरिकी चुनाव के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के हाउस और सीनेट में नियंत्रण गंवाने को तानाशाही राजनीति के लिए बड़ा झटका बताया। सौरव दास ने लिखा, ”तानाशाह ट्रंप की पार्टी अमेरिकी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर अपना नियंत्रण खो रही है। लगता है कि दुनिया भर में तानाशाह बनने की कोशिश करने वालों के लिए मुश्किल समय चल रहा है।”
सौरव दास ने इसके साथ यह भी आगाह किया कि तानाशाही राजनीति के खिलाफ लड़ाई सिर्फ चुनाव जीतने या हारने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद भी सत्ता में बैठे नेताओं और उनके सहयोगियों की जवाबदेही तय करना जरूरी है।
उन्होंने इस राजनीतिक बदलाव को मजबूत नेता की छवि के बजाय लोकतांत्रिक संस्थाओं, जवाबदेही और आम लोगों के मुद्दों की बढ़ती अहमियत से भी जोड़ा। उनका कहना है कि मतदाता अब नफरत की राजनीति के बजाय रोजगार, आर्थिक स्थिरता और महंगाई से राहत जैसे बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
अमेरिकी चुनाव के नतीजे अभिजीत दीपके के लिए ज्ञानेश कुमार पर तंज कसने का मौका बन गए तो सौरव दास ने इसे दुनिया भर में मजबूत नेता और तानाशाही राजनीति के प्रति बदलते रुझान के तौर पर पेश किया। दोनों की प्रतिक्रियाओं के केंद्र में अमेरिकी चुनाव जरूर है लेकिन निशाने पर भारतीय लोकतंत्र, चुनावी प्रक्रिया और संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े सवाल भी हैं।
‘ज्ञानू को जाना ही होगा…’, ममता बनर्जी से मिले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की। दीपके ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर इंडिया गठबंधन की रैली को समर्थन दिया।
